दुबई-संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में एक भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत
इस हादसे में जान गंवाने वालों में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं
UAE के गृह मंत्रालय के अनुसार, हादसे में मारे गए लोगों में संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं
दुबई (BNE) : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क पर चल रहे और रुके हुए 23 वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियों में आग लग गई और देखते ही देखते सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। तीनों केरल के मलप्पुरम जिले के रहने वाले और एक ही परिवार से संबंधित थे। मृतकों की पहचान मुहम्मद अस्मिल, उनकी जुड़वा बहन मिस्ना जुबिन और मुहम्मद फैज के रूप में हुई है। हादसे में कुछ शव बुरी तरह जल जाने के कारण मृतकों की पहचान के लिए DNA जांच कराई जा रही है।
UAE के गृह मंत्रालय के अनुसार, हादसे में मारे गए लोगों में संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं। दुर्घटना में घायल 30 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से करीब आधे लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद सड़क पर जलते वाहनों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई गाड़ियों को आग की लपटों में घिरा देखा जा सकता है।
UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, हादसा फुजैराह शहर के प्रवेश मार्ग पर आधी रात से कुछ समय पहले हुआ। उस वक्त सड़क पर यातायात धीमी गति से चल रहा था। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक पहले एक गाड़ी से टकराया और फिर पलटकर सड़क पर धीमी गति से चल रहे तथा रुके हुए वाहनों से जा भिड़ा।
टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई, जिसने तेजी से आसपास की गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में कुल 23 वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें 18 कारें और पांच ट्रक शामिल थे।
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे में तीन भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने बताया कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
वहीं, केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने अधिकारियों को प्रभावित परिवार की मदद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को जरूरी सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने को कहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मियों ने आग बुझाने के साथ वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभियान चलाया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई वाहन आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।









