दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार संदिग्ध को सोशल मीडिया के माध्यम से ही संगठन से जोड़ा गया था।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क में कितने लोग थे और क्या वह किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था।
नई दिल्ली (BNE) : देश में आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने और युवाओं को आतंकवादी संगठनों से जोड़कर स्लीपर सेल तैयार करने की साजिश का एक और मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसाने और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने की कोशिश कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार संदिग्ध को भी सोशल मीडिया के माध्यम से ही संगठन से जोड़ा गया था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल काफी समय से आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही थी। निगरानी के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उससे पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क में कितने लोग थे और क्या वह किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आईएसआई भारत में आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रही है। इसके जरिए युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा की ओर धकेला जा रहा है। कथित तौर पर ऐसे युवाओं को बाद में स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल करने और आतंकी संगठनों के लिए भर्ती करने की साजिश रची जा रही है।
दिल्ली में हुई गिरफ्तारी के बीच गुजरात में भी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। गुजरात एटीएस ने बीते शुक्रवार को वडोदरा जिले के जरोद थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से एक AK-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद किए गए थे। दोनों मामलों के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां आतंकी नेटवर्क और उससे जुड़े संभावित संपर्कों की जांच में जुटी हैं।









