बठिंडा-पंजाब में ISI एजेंट गिरफ्तार, सैन्य ठिकानों की लोकेशन भेजता था पाकिस्तान
आरोपी की पहचान फिरोजपुर जिले के गांव जखरावां निवासी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू के रूप में हुई है
बड़े जासूसी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका की जांच
बठिंडा(BNE)- पंजाब में जासूसी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने बठिंडा कैंट के संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी कर उनकी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फिरोजपुर जिले के गांव जखरावां निवासी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, वह पाकिस्तान में बैठे आईएसआई ऑपरेटिव्स के निर्देश पर सैन्य ठिकानों की लोकेशन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटा रहा था।
यह कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा, मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट (साउथ वेस्टर्न कमांड) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और उनके निर्देश पर संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की गतिविधियों तथा स्थानों से संबंधित सूचनाएं एकत्र करता था। अब जांच की जा रही है कि उसने किन-किन सैन्य ठिकानों की रेकी की और जुटाई गई जानकारियां किस माध्यम से सीमा पार भेजी गईं।
तीन पुराने आपराधिक मामलों में भी था शामिल
जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ फिरोजपुर जिले में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज मामला, वर्ष 2026 का आर्म्स एक्ट का मामला और थाना आरिफ के में 6.25 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी से संबंधित एनडीपीएस एक्ट का मामला शामिल है। आर्म्स एक्ट के मामले में ड्रोन और कारतूसों की बरामदगी का पहलू भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन मामलों में भी वांछित था।
बीएनएस और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत केस दर्ज
सतनाम सिंह के खिलाफ थाना सिविल लाइंस बठिंडा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113(3), 152 और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां उसके पाकिस्तानी संपर्कों, कथित जासूसी गतिविधियों और पुराने आपराधिक मामलों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही हैं।
बड़े जासूसी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका की जांच
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी अकेले ही जासूसी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। उसके संपर्कों, संचार माध्यमों और अब तक जुटाई गई संवेदनशील सूचनाओं की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के नतीजों से इस कथित जासूसी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और उसकी गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।









