दलहन-तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में करें योगदान: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही
तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मिलेट्स कार्यशाला एवं मेले का शुभारंभ
श्री अन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी, तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मिलेट्स कार्यशाला एवं मेले का शुभारंभ
कुशीनगर(BNE)रामलीला मैदान, तमकुहीराज में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मिलेट्स कार्यशाला, मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार को प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि इन फसलों के उत्पादन में वृद्धि कर भारत को दलहन एवं तिलहन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में किसान महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उप कृषि निदेशक कुशीनगर अतीन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं किसान भाइयों-बहनों का कृषि विभाग की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कृषि मंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के कल्याण एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने श्री अन्न (मिलेट्स) की फसलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इनके उत्पादन एवं उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मिलेट्स की खेती किसानों के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। किसानों को परंपरागत खेती के साथ दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती का क्षेत्रफल बढ़ाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में गेहूं, सरसों, मटर एवं मसूर आदि फसलों के बीजों की बुकिंग कराकर पॉस मशीन के माध्यम से किसानों को वितरण किया जा रहा है। उन्होंने किसान भाइयों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ उठाते हुए समय से बीज प्राप्त करें और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाएं।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया, सेवरही की वैज्ञानिक श्रीमती ऋद्धि वर्मा ने मिलेट्स की खेती के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री अन्न की फसलें पोषण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके उत्पादों में फाइबर, कैल्शियम एवं विभिन्न खनिज तत्व पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं, जिससे ये पौष्टिक आहार का महत्वपूर्ण स्रोत हैं।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक लक्की तिवारी ने रबी सीजन की फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों से बचाव तथा फसल सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बीज शोधन, भूमि शोधन एवं कीट-रोग नियंत्रण के लिए जैविक तथा रासायनिक दवाओं के उचित प्रयोग के बारे में किसानों को विस्तार से बताया।
बाबू गेंदा सिंह गन्ना प्रजनन एवं अनुसंधान संस्थान, सेवरही के वैज्ञानिक डॉ. वाई.पी. भारती ने गन्ने की उन्नत खेती की तकनीकी जानकारी देते हुए अधिक उत्पादन प्राप्त करने के विभिन्न उपायों से किसानों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में कसया-कुशीनगर के पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, संयुक्त कृषि निदेशक गोरखपुर मंडल श्री विनोद शर्मा, बाबू गेंदा सिंह गन्ना प्रजनन एवं अनुसंधान संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. सुभाष सिंह, क्षेत्रीय सब्जी अनुसंधान संस्थान सेवरही के डॉ. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया सेवरही की वैज्ञानिक श्रीमती ऋद्धि वर्मा, जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी एवं एआर कोऑपरेटिव सहित कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन विभिन्न कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञ वक्ताओं ने अपने-अपने विषयों पर किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं किसान भाइयों-बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अगले दिन भी कार्यक्रम में सहभागिता करने का अनुरोध करते हुए प्रथम दिवस के कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।










