कुशीनगर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम
मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरे हादसे में अज्ञात वाहन ने ली युवक की जान
कुशीनगर। कुशीनगर जनपद में शुक्रवार की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना कप्तानगंज-नेबुआ नौरंगिया मार्ग पर पगरा छपरा के पास की है। यहां मिट्टी लदे डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार जितई प्रसाद गोंड (45) निवासी पगार छपरा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह कप्तानगंज से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे मिट्टी लदे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह डंपर के पिछले हिस्से में फंस गए और चालक उन्हें करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता चला गया। बाद में चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
दूसरी घटना हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर मोहम्मदगंज गांव के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार रंजीत कुमार (22) निवासी धर्मपुर गांव, थाना हाटा की मौत हो गई। बताया गया कि वह शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे झांगा बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रंजीत को ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










