मशरूम की खेती से ग्रामीणों के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर: कुलपति
श्रीनगर (गढ़वाल), 19 नवंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय मशरूम खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिन अनुसंधान, नवाचार, मूल्य संवर्धन और ग्रामीण उद्यमिता पर विशेष चर्चा हुई। कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने किसानों, विद्यार्थियों और उद्यमियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कुलपति ने ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को व्यावहारिक रूप से अपनाने और ऐसे कार्यक्रमों को व्यापक ग्रामीण समुदाय तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर मशरूम उत्पादों पर आधारित पाक-विधि पुस्तिका ‘मशरूत्पाद : घर की रसोई से छोटे उद्योग तक’ का भी उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम में मशरूम की खेती में अनुसंधान एवं नवाचार के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल प्लेटफॉर्म और ओपन-एक्सेस संसाधनों के उपयोग पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि AI शोध एवं जानकारी जुटाने में सहायक हो सकता है, लेकिन इसका उपयोग वैज्ञानिक विवेक और मौलिक चिंतन के विकल्प के रूप में नहीं किया जाना चाहिए।
सत्र में मशरूम से मिठाई, कुकीज, बर्फी और सूप पाउडर जैसे उत्पाद तैयार करने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि मशरूम के मूल्य संवर्धन, बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और प्रभावी विपणन से घरेलू एवं लघु स्तर के उद्यमों को बढ़ावा मिल सकता है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. मोहन सिंह पंवार ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए सामुदायिक सहभागिता, स्थानीय संसाधनों का उपयोग और व्यावहारिक प्रशिक्षण आवश्यक है। वहीं कार्यक्रम संयोजक एवं ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष प्रो. आर.एस. नेगी ने बताया कि विभाग अब तक 400 से 500 लोगों को मशरूम उत्पादन एवं कृषि उद्यमिता का प्रशिक्षण दे चुका है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य तकनीकी ज्ञान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, सतत कृषि, जलवायु परिवर्तन और ग्रामीण आजीविका के विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि मशरूम उत्पादन एवं प्रसंस्करण के माध्यम से महिलाओं और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार तथा आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर डॉ. मोनिका बजाज, प्रो. अजीत नेगी, डॉ. विजय ज्योति, श्रीमती अनुजा रावत, डॉ. विजय कांत पुरोहित, डॉ. डी.के. राणा सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।









