न्यूयॉर्क-अमेरिका की डेल्टा एयरलाइंस के कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी
बड़े एयरपोर्ट पर करीब 3,500 उड़ानों में देरीकी वजह से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा
डेल्टा एयरलाइंस ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी।
न्यूयॉर्क (BNE) : अमेरिका की डेल्टा एयरलाइंस के कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरलाइन का एक महत्वपूर्ण सिस्टम काम करना बंद कर गया, जिसके चलते अमेरिका के कई बड़े एयरपोर्ट पर करीब 3,500 उड़ानों में देरी हुई। तकनीकी गड़बड़ी के कारण विमानों को उड़ान भरने से पहले वजन और संतुलन से जुड़ी जरूरी गणनाएं कंप्यूटर की बजाय कर्मचारियों को हाथ से करनी पड़ीं।
यह खराबी एयरलाइन के उस सिस्टम में आई, जो विमान का वजन और संतुलन निर्धारित करता है। इस सिस्टम के जरिए यात्रियों, सामान, ईंधन और अन्य माल का कुल वजन पता लगाया जाता है। साथ ही विमान में वजन का सही वितरण सुनिश्चित किया जाता है, ताकि उड़ान सुरक्षित तरीके से संचालित हो सके।
एयरलाइन सेक्टर में यह 10 दिन के भीतर दूसरी बड़ी तकनीकी गड़बड़ी है। इससे पहले 13 नवंबर को अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के सिस्टम में खराबी आई थी, जिसके कारण देशभर में करीब पांच घंटे तक उड़ानें रोकनी पड़ी थीं। इस घटना में 18 हजार से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई थीं। हालांकि, डेल्टा एयरलाइंस और FAA के सिस्टम में आई दोनों गड़बड़ियों में साइबर हमले की बात सामने नहीं आई है।
तकनीकी खराबी का असर अमेरिका के कई प्रमुख एयरपोर्ट पर देखने को मिला। इनमें अटलांटा का हार्ट्सफील्ड-जैक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट और न्यूयॉर्क का लागार्डिया एयरपोर्ट शामिल हैं। FAA ने अटलांटा आने वाली उड़ानों को करीब एक घंटे तक रोक दिया था। इस दौरान विमानों को उड़ान भरने और अटलांटा पहुंचने की अनुमति नहीं थी। बाद में प्रतिबंध हटा लिया गया, लेकिन उड़ानों में देरी जारी रही।
डेल्टा एयरलाइंस ने बताया कि सिस्टम ठीक होने तक उसके कर्मचारी हाथ से वजन और संतुलन की गणना कर रहे थे। कंपनी के तकनीकी कर्मचारी खराबी दूर करने में जुटे थे। बाद में एयरलाइन ने पुष्टि की कि सिस्टम दोबारा काम करने लगा है।
एयरलाइन के मुताबिक, रविवार को डेल्टा और डेल्टा कनेक्शन की करीब 5,000 उड़ानें निर्धारित थीं। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, उड़ानों में देरी और रद्द होने की करीब 70 प्रतिशत घटनाएं इसी तकनीकी खराबी से जुड़ी थीं। बाकी उड़ानों पर खराब मौसम और न्यूयॉर्क समेत अमेरिका के पूर्वोत्तर इलाकों में हवाई यातायात संबंधी समस्याओं का असर पड़ा।
डेल्टा एयरलाइंस ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी। प्रभावित यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ानों में जगह दी गई। जरूरत पड़ने पर भोजन और होटल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हो गईं और वे यात्रा नहीं करना चाहते थे, उन्हें टिकट का पैसा वापस करने की पेशकश की गई।
FAA ने स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी केवल डेल्टा एयरलाइंस के सिस्टम में थी और इसका सरकारी हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली से कोई संबंध नहीं था। अटलांटा एयरपोर्ट ने भी कहा कि देरी का असर केवल डेल्टा की उड़ानों पर पड़ा, जबकि एयरपोर्ट का बाकी संचालन सामान्य रहा।









