लोनी में मिलावट का खेल: मैदा-गोंद से तैयार कर रहे थे चमकदार काली मिर्च
खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 975 किलो तैयार काली मिर्च समेत भारी मात्रा में सामग्री बरामद
गाजियाबाद। लोनी में घटिया स्तर की काली मिर्च को मैदा, गोंद और रिफाइंड सोयाबीन तेल की मदद से चमकदार बनाकर अच्छी गुणवत्ता का दिखाने के कथित कारोबार का खुलासा हुआ है। लोनी बॉर्डर पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने केहर फार्म हाउस, सेवाधाम, बेहटा, हाजीपुर में कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में कच्ची काली मिर्च, तैयार माल और उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद कर जब्त की।
असिस्टेंट कमिश्नर फूड सुरेश कुमार मिश्र के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान टीम को मौके से 1200 किलोग्राम छोटे दाने वाली कच्ची काली मिर्च और 975 किलोग्राम बड़ी एवं चमकदार तैयार काली मिर्च मिली। इसके अलावा 3000 किलोग्राम मैदा और 900 किलोग्राम गोंद भी बरामद किया गया।
टीम के मुताबिक, तैयार काली मिर्च के दानों की चमक बढ़ाने के लिए रिफाइंड सोयाबीन तेल का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके से तेल के 37 टिन कंटेनर बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक में 15 किलोग्राम तेल था।
13.34 लाख रुपये की सामग्री जब्त
संयुक्त टीम ने मौके से बरामद सामग्री को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य करीब 13 लाख 34 हजार रुपये बताया गया है।
कारोबारी की पहचान
कार्रवाई के दौरान सामने आए कारोबारी की पहचान लोकेश गुप्ता, निवासी बुद्ध विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। मामला थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र का है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










