वाराणसी-पीएम मोदी ने इन 4 नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
प्रधानमंत्री ने ट्रेन में बच्चों और ड्राइवर से भी बात की। इसके साथ ही अब देश में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 78 से बढक़र 82 हो गई है।
वाराणसी(BNE) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री मोदी को यहाँ एक अकर्यक्रम में इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। बनारस-खजुराहो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा उन्होंने वर्चुअल माध्यम से लखनऊ-सहारनपुर, बंगलुरु-एर्नाकुलम और फिरोजपुर कैंट-दिल्ली वंदे भारत प्रीमियम ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री मोदी के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी भी थे। विशेष पास पर ट्रेन में यात्रा कर रहे लोगों में काफी उत्साह दिखा। बड़ी संख्या में स्कूलों के बच्चे भी ट्रेन में थे। प्रधानमंत्री ने ट्रेन में बच्चों और ड्राइवर से भी बात की। इसके साथ ही अब देश में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 78 से बढक़र 82 हो गई है।
उल्लेखनीय है कि 15 फरवरी 2019 को पहली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन किया गया था, जो नई दिल्ली से वाराणसी के लिए चली थी। अब तक देश भर में विभिन्न मार्गों पर वंदे भारत ट्रेनों में सवा सात करोड़ से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। इसका विस्तार 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हो चुका है। श्री मोदी ने दुल्हन की तरह सजे बनारस रेलवे स्टेशन से खजुराहो जाने वाली उद्घाटन ट्रेन को हरी झंडी दिखायी। खास बात यह है कि यह प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र से खजुराहो के लिए पहली नियमित ट्रेन है। आम दिनों में वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत (26422) सुबह 5:25 बजे वाराणसी से रवाना होगी और दोपहर बाद 1:10 बजे खजुराहो पहुंचेगी। वापसी की ट्रेन (26421) दोपहर बाद 3:20 पर रवाना होगी और रात 11 बजे वाराणसी आएगी। यह ट्रेन गुरुवार को छोडक़र सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसका ठहराव ब्लॉक हट के , विंध्याचल, प्रयागराज, बांदा, महोबा और खजुराहो में होगा। लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत (26504) सुबह पांच बजे लखनऊ से खुलेगी और दोपहर बाद 12:45 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। वापसी की ट्रेन (26503) दोपहर बाद तीन बजे चलकर रात 11 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसका ठहराव सीतापुर, सीतापुर सिटी, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद, रुडक़ी और सहारनपुर में होगा। यह सोमवार को छोडक़र सभी छह दिन चलेगी।
केएसआर बेंगलुरु-एर्नाकुलम वंदे भारत (26651) सुबह 5:10 बजे बेंगलुरु से चलकर दोपहर बाद 1:50 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। वापसी में यह (26652) 2:20 बजे एर्नाकुलम से रवाना होगी और रात 11 बजे केएसआर बेंगलुरु पहुंचेगी। इसके ठहराव कृष्णराजपुरम्, जेटीजे-ए, सलेम, इरोड, तिरुपपुर, कोयम्बटूर, पलक्कड़ और त्रिशूर में होंगे। यह बुधवार को छोडक़र सप्ताह में छह दिन चलेगी। फिरोजपुर कैंट-दिल्ली वंदे भारत (26462) बुधवार को छोडक़र सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह सुबह 7:55 बजे फिरोजपुर कैंट से खुलेगी और दोपहर बाद 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26461 शाम चार बजे दिल्ली से चलकर रात 10:35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। वंदे भारत देश में निर्मित पहली सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है। इसका निर्माण इंटीग्रेटेड कोच फैक्टरी, चेन्नई में किया जाता है। यह अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है। इसमें इंटेलिजेंट ब्रेकिंग सिस्टम, स्वचालित दरवाजे, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली और बायो वैक्यूम शौचालय जैसे कुछ खास फीचर हैं। एक्सक्लुजिव श्रेणी में रोटेटिंग सीटें लगी हुई हैं। इसकी विशेष ब्रेकिंग प्रणाली 30 प्रतिशत तक बिजली की बचत भी करती है। इसमें लगाई गई सुविधाओं को दिव्यांगों के अनुकूल बनाया गया है ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो।










