लंदन में पाकिस्तान उच्चायोग पर हंगामा: भारतीय मूल का व्यक्ति खिड़की तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में उग्र प्रदर्शन, दोनों देशों के समर्थकों के बीच तनाव, पाकिस्तानी राजनयिक का उकसाने वाला इशारा कैमरे में कैद
पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत के बाद दुनियाभर में भारतीय समुदाय का गुस्सा फूट पड़ा। लंदन में शुक्रवार को पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर सैकड़ों भारतीय और भारतीय मूल के प्रदर्शनकारियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। इसी दौरान एक भारतीय मूल के व्यक्ति अंकित लव ने कथित तौर पर उच्चायोग की खिड़कियों को तोड़ दिया, जिसके चलते मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि रविवार, 27 अप्रैल को अंकित लव (41) को आपराधिक क्षति के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि उनके पास कोई निश्चित आवासीय पता नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाते हुए आतंकवाद के खिलाफ गुस्सा जताया। उनका आरोप था कि पाकिस्तान सीमापार हमलों के लिए जिम्मेदार आतंकी संगठनों को संरक्षण दे रहा है।
विरोध के दौरान माहौल और गर्म हो गया जब पाकिस्तानी समर्थकों ने लाउडस्पीकर के जरिए भारतीय नारों को दबाने की कोशिश की। इसी बीच, एक पाकिस्तानी राजनयिक का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह भारतीय प्रदर्शनकारियों की ओर देखकर गला काटने का इशारा करता हुआ दिखाई देता है – जो कि स्पष्ट रूप से उकसाने वाला और भड़काऊ है।
यह घटना भारत-पाक संबंधों में चल रहे तनाव को अंतरराष्ट्रीय मंच पर और गहरा करने वाली मानी जा रही है।









