प्रत्येक युवा को अपनी व्यक्तिगत सफलता को टीम की सफलता में बदलना चाहिए
वे युवाओं को हमेशा प्रेरित करते रहे हैं- युवा दिमाग में जुनून और उद्देश्य को प्रज्वलित करते रहते हैं-PM MODI
आज का दिन उस महान व्यक्ति को समर्पित है, जिसने ब्रिटिश राज के दौरान भारत को नई ऊर्जा से भर दिया था।
नई दिल्ली (ब्रेकिंग न्यूज़ एक्सप्रेस ):स्वामी विवेकानंद की आज (12 जनवरी) जयंती है। राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाने वाला यह दिन युवा पीढ़ी को उनके व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ सामाजिक प्रगति के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित है।इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे युवाओं को हमेशा प्रेरित करते रहे हैं।वह युवा दिमाग में जुनून और उद्देश्य को प्रज्वलित करते रहते हैं। हम एक मजबूत और विकसित भारत के उनके सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
पीएम मोदी ने शोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ ही एक वीडियो की क्लिप शेयर की । उन्होंने कहा कि यह भारत की युवा शक्ति का दिन है, जो उस महान व्यक्ति को समर्पित है, जिसने ब्रिटिश राज के दौरान भारत को नई ऊर्जा से भर दिया था।
वीडियो में पीएम मोदी ने कहा, “स्वामी विवेकानंद के दो संदेश हर भारतीय युवा का हिस्सा होने चाहिए- संस्था और नवाचार। संस्था तब बनती है जब हम अपने विचारों का विस्तार करते हैं और टीम भावना के साथ काम करते हैं। प्रत्येक युवा को अपनी व्यक्तिगत सफलता को टीम की सफलता में बदलना चाहिए। यह टीम भावना भारत को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे ले जाएगी।”










