“ये चिन्नास्वामी की पिच वैसी नहीं रही!” — हेज़लवुड ने विकेट को ठहराया हार का जिम्मेदार, बोले- सबक नहीं लिया तो हारेंगे ही
RCB की घरेलू मैदान पर लगातार तीसरी हार से खफा तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड बोले—”बैट्समैन वही गलती दोहरा रहे हैं, तैयारी में भी कमी रही”
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का घरेलू मैदान इस सीज़न में “भूतहा किला” बनता जा रहा है। शुक्रवार को पंजाब किंग्स के हाथों पांच विकेट की करारी शिकस्त के बाद, आरसीबी की चिन्नास्वामी में ये लगातार तीसरी हार रही। अब टीम के दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड ने खुलकर टीम की कमज़ोरियों और मैदान की ‘बदलती फितरत’ पर सवाल उठा दिए हैं।
हेज़लवुड ने कहा, “ये अब वो चिन्नास्वामी की पिच नहीं रही जो हम जानते थे। यहां उछाल तो है, लेकिन विविधता गायब है।” उन्होंने आगे टीम की हार का असली कारण बताते हुए जोड़ा, “हमने पिछले दो मैचों से कोई सबक नहीं सीखा। ना रणनीति बदली, ना ही प्रैक्टिस में दम डाला। हार तो तय थी!”
RCB का ये आत्ममंथन यहीं नहीं रुका—हेज़लवुड ने कहा कि शुरुआत में रन बनाने में नाकामी और तैयारी की कमी ने टीम को कमजोर बना दिया। वहीं दूसरी ओर, पंजाब के स्टार स्पिनर हरप्रीत बराड़ ने जीत के हीरो नेहल वढेरा की जमकर तारीफ की।
बराड़ बोले, “नेहल एक समझदार खिलाड़ी हैं। वो घरेलू क्रिकेट में भी कमाल करते हैं। जब हमने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती थी, तब भी उन्होंने नॉकआउट में शानदार पारी खेली थी।”
अब सवाल ये है—क्या RCB उठेगी इस हार के मलबे से, या चिन्नास्वामी में डूबता रहेगा उसका विजय रथ?









