ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान : एनटीपीसी सिंगरौली में तीन दिवसीय खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ*
एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत ग्रामीण युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने हेतु तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ दिनांक 30 जनवरी 2026 को स्थानीय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया गया। यह खेल महोत्सव 01 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन में एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना से जुड़े आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 1500 से अधिक युवा खिलाड़ी उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ सहभागिता कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख संदीप नायक, अरविंद कुमार, उप कमांडेंट (सीआईएसएफ), सिद्धार्थ मंडल, विभाग प्रमुख (मानव संसाधन), ए. के. सिंह, विभाग प्रमुख (तकनीकी सेवा), हीरालाल, ग्राम प्रधान , चिल्काटांड, प्रमोद तिवारी, ग्राम प्रधान, कोटा ग्राम पंचायत,पत्रकार गण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा मशाल जलाकर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख संदीप नायक ने कहा—
“ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त मंच है। एनटीपीसी सिंगरौली का यह प्रयास युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने, आत्मविश्वास अर्जित करने तथा अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर प्रदान करता है। हम चाहते हैं कि ग्रामीण युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करें।”
तीन दिवसीय इस खेल महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट, फ़ुटबॉल, शॉट पुट, लंबी कूद, रिले रेस, 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, टग ऑफ़ वॉर (रस्सा कस्सी) सहित अन्य मनोरंजक खेल शामिल हैं। ये सभी प्रतियोगिताएं प्रतिभागियों में शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता, टीम भावना एवं खेल कौशल को विकसित करने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
यह आयोजन एनटीपीसी सिंगरौली के नैगम सामाजिक दायित्व विभाग के उप महाप्रबंधक डॉ. ओम प्रकाश के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी में सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। इस अवसर पर उन्होंने कहा—
“एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली यह ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता ग्रामीण युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देकर हम समाज में स्थायी परिवर्तन लाने का प्रयास कर रहे हैं।”
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए भोजन, जलपान, प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो सके।
एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा सीएसआर के अंतर्गत कई वर्षों से आयोजित यह खेल महोत्सव ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति के विकास, युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक एकता के सुदृढ़ीकरण तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल के रूप में उभर रहा है।