पटना-बिहार से भाजपा को हमेशा के लिए भगाएगी जनता -तेजस्वी यादव
वोटर अधिकार यात्रा को बिहार की जनता का पूरा समर्थन और सहयोग मिला-
पटना, (BNE) बिहार में वोटर अधिकार यात्रा का विशाल पैदल मार्च के साथ आज समापन होने जा रहा है।इस समापन मार्च में गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे.कांग्रेस नेता राहुल गाँधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भी पटना पहुंच रहे है।राहुल और तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार बिहार की जनता खूंटा ठोंककर इन्हें बिहार से भगाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार से पूरे देश में यह संदेश जाएगा। लोकतंत्र और संविधान को जो समाप्त करना चाहते हैं, उन्हें देशभर में करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को पूरी तरह सफल बताते हुए कहा कि जिस भी जिले में यह यात्रा गई, वहां जनसैलाब देखने को मिला। लोगों का पूरा समर्थन मिला, बिहार के लोगों का आशीर्वाद मिला। उन्होंने इस समर्थन के लिए लोगों का आभार जताया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकाली गई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ ने करीब 1,300 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान 25 जिलों और 110 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया गया। इस यात्रा के दौरान विपक्ष के नेता भी शामिल होते रहे। इस यात्रा का समापन पटना में होना है, जिसमें शामिल होने के लिए इंडिया गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता पटना पहुंच गए हैं। उल्लेखनीय है कि 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई यह यात्रा एसआईआर के तहत मतदाता सूची से नाम हटाने के कथित प्रयासों के खिलाफ थी। दूसरी तरफ, भाजपा इस यात्रा को ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ बता रही है।










