पाकिस्तान की बौखलाहट: भारतीय गानों पर बैन, लाहौर-कराची एयरस्पेस में पाबंदियां
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सख्ती से घबराया पाकिस्तान, रेडियो प्रसारण से लेकर हवाई क्षेत्र तक उठाए सख्त कदम
पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की हत्या के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इसी तनाव के बीच पाकिस्तान ने बौखलाहट में कई कदम उठाए हैं। पाकिस्तान ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन ने देश के एफएम रेडियो स्टेशनों पर भारतीय गानों के प्रसारण पर रोक लगा दी है। इस फैसले का पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने स्वागत किया है।
वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान ने कराची और लाहौर के वायुक्षेत्र में भी पाबंदियां लगा दी हैं। 1 मई से 31 मई तक हर रोज़ सुबह 4 बजे से 8 बजे तक इन क्षेत्रों का एयरस्पेस बंद रहेगा। पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAA) का दावा है कि इस बंदी से वाणिज्यिक उड़ानों पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह फैसला ऐसे वक्त में आया है जब पाकिस्तान की राष्ट्रीय एयरलाइन ने गिलगित, स्कार्दू और POK के अन्य हिस्सों से उड़ानों को सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, यह एयरस्पेस पाबंदी भारत की संभावित जवाबी कार्रवाई से डरे पाकिस्तान की एहतियाती रणनीति है।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश के रक्षा प्रमुखों को स्पष्ट संकेत दिया है कि सशस्त्र बलों को जवाब देने के तरीके, लक्ष्य और समय तय करने की पूरी छूट है। पहलगाम हमले के बाद भारत अब निर्णायक कदम उठाने की तैयारी में दिख रहा है।









