जिलाधिकारी के निर्देश पर लखनऊ में आबकारी व अग्निशमन विभाग का संयुक्त अभियान जारी
कई होटलों और बारों में अग्नि सुरक्षा मानकों की हुई गहन जांच, कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

लखनऊ (BNE)।जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देशानुसार आबकारी विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न बार, रेस्टोरेंट और होटलों में आकस्मिक निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करना और संभावित खामियों को दूर कराना है।
हॉलिडे इन और रामाडा प्लाजा का निरीक्षण
सेक्टर-11 के आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह तथा अग्निशमन अधिकारी धर्मपाल सिंह की टीम ने थाना सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित होटल हॉलिडे इन और थाना बंथरा स्थित होटल रामाडा प्लाजा के बार एवं होटल परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा प्रमाण-पत्र, बार लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई तथा फायर सेफ्टी उपकरणों और फायर एग्ज़िट की स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया गया।
अग्निशमन अधिकारी ने होटल रामाडा प्लाज़ा में मौजूद सभी स्टाफ को उपकरणों के सही उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया।
होटल सेंटर्म, कम्फर्ट विस्टा और डेमसन प्लम में जांच
उच्चाधिकारियों के आदेशों के क्रम में आबकारी निरीक्षक विवेक सिंह के साथ अग्निशमन विभाग की टीम ने होटल सेंटर्म, कम्फर्ट विस्टा और डेमसन प्लम के बार, रेस्टोरेंट, किचन और अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
टीम ने अग्नि सुरक्षा उपकरण, निकास मार्ग तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की और होटल स्टाफ को उपकरणों के प्रयोग की जानकारी देते हुए सभी उपकरणों को सदैव कार्यशील रखने के निर्देश दिए।
बक्शी तालाब क्षेत्र में बारों का निरीक्षण
फायर स्टेशन बक्शी तालाब क्षेत्र में आबकारी व अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ट्विलाइट बार, सनडाउन बार और भवानी बार में निरीक्षण किया।
इस दौरान बार कर्मियों को अग्निशमन उपकरण चलाने का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
पिक्काडली, स्काई हिल्टन और RM कैफे में हुई कार्रवाई
सेक्टर-12 के आबकारी निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह तथा अग्निशमन अधिकारी धर्मपाल सिंह की टीम ने थाना कृष्णानगर स्थित होटल पिक्काडली, स्काई हिल्टन फूड प्राइवेट लिमिटेड, तथा थाना आशियाना स्थित RM कैफे रेस्टोरेंट बार और किंबरले क्लब बार का निरीक्षण किया।
इस दौरान अग्नि सुरक्षा उपकरणों, दस्तावेजों और फायर एग्ज़िट की स्थिति का परीक्षण किया गया। स्काई हिल्टन रेस्टोरेंट बार में सभी कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।









