जलावतरण बना जलील होने का कारण: उत्तर कोरिया का नया युद्धपोत समारोह के दौरान ही क्षतिग्रस्त
किम जोंग उन की मौजूदगी में 5,000 टन वजनी विध्वंसक युद्धपोत रैंप से फिसलकर हुआ दुर्घटनाग्रस्त, किम ने बताया ‘गंभीर आपराधिक लापरवाही’
उत्तर कोरिया की सैन्य शक्ति को बढ़ाने के लिए बनाए गए 5,000 टन वजनी नए विध्वंसक युद्धपोत का जलावतरण समारोह बुधवार को चोंगजिन के उत्तर-पूर्व बंदरगाह पर आयोजित किया गया, लेकिन यह समारोह एक शर्मनाक हादसे में तब्दील हो गया। समारोह के दौरान युद्धपोत ‘रैंप’ से फिसल गया और फंस गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और निचला हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
इस जलावतरण कार्यक्रम में उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन स्वयं उपस्थित थे। सरकारी मीडिया ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) के अनुसार, किम इस दुर्घटना से बेहद नाराज़ हैं। उन्होंने इस पूरे हादसे को ‘‘घोर लापरवाही, गैरजिम्मेदारी और वैज्ञानिक समझ की कमी’’ का नतीजा बताया और इसे एक ‘‘गंभीर दुर्घटना और आपराधिक कृत्य’’ करार दिया।
किम ने सीधे तौर पर सैन्य अधिकारियों, वैज्ञानिकों और शिपयार्ड के प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने इस शर्मनाक घटना को लेकर सत्तारूढ़ ‘वर्कर्स पार्टी’ की आपात बैठक बुला ली है। पार्टी की शक्तिशाली केंद्रीय समिति की पूर्ण बैठक जून के अंत में आयोजित की जाएगी।
दक्षिण कोरिया की सेना ने फिलहाल इस उत्तर कोरियाई रिपोर्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन यह घटना उत्तर कोरिया के सैन्य उन्नयन प्रयासों को बड़ा झटका देने वाली मानी जा रही है।









