NEW DELHI-तेजस्वी यादव ने वोट चोरी मामले में भाजपा और चुनाव आयोग पर लगाया ये बड़ा आरोप
वोट चोरी मामले में भाजपा के साथ चुनाव आयोग की मिलीभगत जगजाहिर है।
नई दिल्ली (BNE )देश में इस समय विपक्षी दल वोट चोरी के मामले में चुनाव आयोग के पीछे पड़े हुए है। सभी दलों ने अभी हाल ही में राहुल गाँधी के नेतृत्व में चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा भी निकाला था। अब इस मामले में राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा कि वोट चोरी मामले में भाजपा के साथ चुनाव आयोग की मिलीभगत जगजाहिर है।
तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा नेताओं को दो मतदाता पहचान पत्र हासिल करने में मदद कर रहा है। यादव ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘यह सच है कि निर्वाचन आयोग (ईसी) आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में वोट चोरी के लिए भाजपा के साथ सांठगांठ कर रहा है।
वास्तव में, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की शुरुआती प्रक्रिया के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची को वोट की ‘डकैती’ कहा जाना चाहिए। निर्वाचन आयोग राज्य में भाजपा नेताओं को दो मतदाता पहचान पत्र हासिल करने में मदद कर रहा है।’’
राजद नेता ने मुजफ्फरपुर की महापौर निर्मला देवी पर दोहरे मतदाता पहचान पत्र रखने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया, ‘‘आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की संभावित उम्मीदवार मुजफ्फरपुर की महापौर, मसौदा मतदाता सूची के अनुसार एक विधानसभा क्षेत्र के दो अलग-अलग बूथ से संबंधित दो मतदाता पहचान पत्र रखती हैं। हैरानी की बात यह है कि उनके परिवार के दो सदस्यों के पास भी एक ही विधानसभा क्षेत्र के दो अलग-अलग बूथ के दो मतदाता पहचान पत्र हैं।










