नई दिल्ली-प्रियंका गांधी ने नितिन गडकरी के जोड़े हाथ -बोलीं अप्वाइंटमेंट नहीं मिल रहा सर…, गडकरी ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली(BNE ) लोकसभा में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गाँधी के बीच रोचक और सौहाद्रपूर्ण संवाद देखने को मिला।
प्रियंका गांधी ने कहा कि वह जून महीने से अपने लोकसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए मंत्री से समय मांग रही हैं। इस पर नितिन गडकरी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि प्रश्नकाल के बाद ही आ जाइए, कभी भी आ जाइए।
गडकरी ने कहा कि उनका दरवाजा हमेशा खुला रहता है और मिलने के लिए किसी अपॉइंटमेंट की जरूरत नहीं है। मंत्री के इस जवाब पर प्रियंका गांधी ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया, जिस पर सदन में हल्की मुस्कान और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
इसके बाद प्रियंका गांधी के सवाल का जवाब देते हुए नितिन गडकरी ने हिमालयी क्षेत्रों में सड़क निर्माण से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमालय क्षेत्र में लगभग हर जगह एक जैसी समस्या है, खासकर बार-बार होने वाले भूस्खलन की। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर इस वजह से ठेकेदारों को भी काम छोड़ना पड़ा।
गडकरी ने सदन को बताया कि भारत ने इस समस्या से निपटने के लिए स्विट्जरलैंड के साथ एक समझौता किया है और हिमाचल सहित हिमालयी क्षेत्र में भूस्खलन संभावित 84 स्थानों की पहचान की गई है। इन स्थानों पर विशेष तकनीक से काम शुरू किया जा चुका है।
मंत्री ने कहा कि पहले उनकी भी यही धारणा थी कि हिमालय का मतलब मजबूत पहाड़ होते हैं, लेकिन वास्तव में कई इलाकों में मिट्टी की संरचना ज्यादा है, जो चुनौती को बढ़ाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आधुनिक तकनीक के जरिए इस समस्या से निपटने का काम तेजी से किया जा रहा है। नितिन गडकरी ने यह भी कहा कि सड़क और टनल परियोजनाओं के पूरा होने से अब चंडीगढ़ से मनाली की दूरी साढ़े तीन घंटे में तय की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि कई टनल और सड़कें बन चुकी हैं और हिमालयी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी की स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है।










