नई दिल्ली-पीएनबी ने ऐसे ग्राहकों को दी अंतिम चेतावनी
पिछले 3 वर्षों से निष्क्रिय पड़े खातों को कर देंगे स्थाई रूप से क्लोज्ड
बंद होने से कैसे बचाएं अपना बैंक खाता?
नई दिल्ली (BNE): अगर आप पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ग्राहक हैं, तो यह खबर आपको बड़ा झटका दे सकती है। पीएनबी ने अपने ग्राहकों के लिए एक बेहद जरूरी और हाई अलर्ट जारी किया है। बैंक ने साफ कर दिया है कि अगले महीने से कई बैंक खातों पर हमेशा के लिए ताला लगने वाला है। अगर आपने भी लंबे समय से अपने बैंक अकाउंट की सुध नहीं ली है, तो आपका नाम भी इस लिस्ट में शामिल हो सकता है। बैंक ने खाते बंद करने के पीछे की वजह और अपने अकाउंट को सुरक्षित रखने का आसान तरीका भी साझा किया है।
13 सितंबर तक का है अल्टीमेटम
पंजाब नेशनल बैंक द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दी गई जानकारी के अनुसार, उन सभी खातों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जो पिछले तीन सालों से पूरी तरह से निष्क्रिय (Inoperative) पड़े हैं। जिन ग्राहकों ने 30 जून 2026 तक पिछले तीन सालों में अपने खाते से एक भी रुपये का लेन-देन नहीं किया है और जिनका बैलेंस शून्य (जीरो) है, वे खाते 13 सितंबर के बाद हमेशा के लिए क्लोज कर दिए जाएंगे।
इस वजह से बैंक ले रहा है बड़ा एक्शन
बैंक ने अपने ऑफिशियल पोस्ट में स्पष्ट किया है कि इतने लंबे समय तक खातों के निष्क्रिय रहने और उनमें बैलेंस न होने के कारण सुरक्षा को लेकर भारी खतरा बना रहता है। ऐसे में इन खातों का किसी भी तरह का दुरुपयोग न हो और संभावित धोखाधड़ी (फ्रॉड) के जोखिम को टाला जा सके, इसीलिए जीरो बैलेंस वाले इन खातों को हमेशा के लिए बंद करने का सख्त फैसला लिया गया है। बैंक लगातार ऐसे निष्क्रिय खातों की कड़ी निगरानी कर रहा है।
बंद होने से कैसे बचाएं अपना बैंक खाता?
अगर आपका भी पीएनबी में ऐसा कोई खाता है जिसका आपने सालों से इस्तेमाल नहीं किया है और आप उसे बंद होने से बचाना चाहते हैं, तो बैंक ने इसका सीधा समाधान भी बताया है। ग्राहकों को 13 सितंबर की डेडलाइन से पहले अपनी संबंधित बैंक शाखा में जाकर केवाईसी (KYC) दस्तावेज जमा करने होंगे। अपने इनएक्टिव खाते को फिर से एक्टिव (Re-active) कराने के बाद आप बिना किसी रुकावट के सभी बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा, खाते के स्टेटस की सही जानकारी या किसी भी तरह की मदद के लिए ग्राहक तुरंत अपनी ब्रांच से संपर्क कर सकते हैं या बैंक के टोल-फ्री नंबर 1800-1800 और 1800-2021 पर भी कॉल कर सकते हैं।










