NEW DELHI-मोदी सरकार ने त्योहारी सीजन में महिलाओं को दिया ये बड़ा उपहार
सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 25 लाख नए मुफ्त एलपीजी कनेक्शन जारी करने का फैसला किया है।
नई दिल्ली (BNE ): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्री के शुभ अवसर पर जीएसटी के दामों में कमी का तोहफा देते हुए महिलाओं को भी बड़ा उपहार दिया है। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के विस्तार को मंजूरी दे दी है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 25 लाख नए मुफ्त एलपीजी कनेक्शन जारी करने का फैसला किया है। इस घोषणा के साथ ही देश में उज्ज्वला लाभार्थियों की कुल संख्या बढ़कर 10.60 करोड़ हो जाएगी।
नवरात्रि के पहले दिन केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “नवरात्रि के पावन अवसर पर, मैं उज्ज्वला परिवार से जुड़ी सभी माताओं और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। यह कदम न सिर्फ उन्हें इस पावन पर्व पर आनंद प्रदान करेगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण के प्रति हमारे संकल्प को भी मजबूत करता है।”
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस फैसले को प्रधानमंत्री मोदी की महिलाओं के प्रति ‘देवी दुर्गा के समान सम्मान’ की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। उन्होंने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह माताओं और बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण के हमारे संकल्प को और मजबूत करता है।”
पुरी ने बताया कि भारत सरकार प्रत्येक नए कनेक्शन पर 2,050 रुपये खर्च करेगी, जिसके तहत लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के साथ-साथ गैस चूल्हा और रेगुलेटर भी निशुल्क प्रदान किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “उज्ज्वला योजना सिर्फ एक योजना नहीं बल्कि देश में बहुत बड़ी क्रांति की मशाल बनी है, जिसकी लौ देश के कोने-कोने में पहुंची है।” उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में मोदी सरकार द्वारा दी जा रही ₹300 की सब्सिडी के साथ, 10.33 करोड़ से अधिक उज्ज्वला परिवारों के लिए सिलेंडर की रिफिल कीमत मात्र ₹553 पड़ती है, जो दुनिया के कई एलपीजी उत्पादक देशों से भी कम है।










