NEW DELHI-भारत के मुख्य न्यायाधीश पर सुनवाई के दौरान वकील ने उछाला जूता ,मचा हड़कंप
हमलावर वकील ‘सनातन धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारे लगा रहा था।
अदालत में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया।
नई दिल्ली (BNE ): देश की राजधानी दिल्ली से एक बेहद सनसनीखेज खबर मिल रही है। देश की सर्वोच्च संस्था सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर एक 60 वर्षीय वकील द्वारा जूता फेकने की कोशिश की गई है। जूता बेंच तक पहुंचने से पहले ही गिर गया, जिससे CJI को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस घटना के दौरान हमलावर वकील ‘सनातन धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारे लगा रहा था। अदालत में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया।
यह हैरान करने वाली घटना तब हुई जब चीफ जस्टिस बीआर गवई अपनी बेंच पर एक मामले की सुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान राकेश किशोर नामक 60 वर्षीय वकील ने अपनी जगह से उठकर नारे लगाना शुरू कर दिया और बेंच की तरफ जूता उछाल दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, कोर्टरूम में तैनात सुरक्षाकर्मी हरकत में आए और हमलावर वकील को तुरंत पकड़कर हिरासत में ले लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
इस अप्रत्याशित घटना के बावजूद चीफ जस्टिस बीआर गवई बिल्कुल भी विचलित नहीं हुए। उन्होंने बेपरवाही से अपना काम जारी रखा और मामले की सुनवाई करते रहे। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “मुझे ऐसी चीजों से फर्क नहीं पड़ता।” मौके पर मौजूद अन्य वकीलों ने भी बताया कि चीफ जस्टिस इस वाकये से बिलकुल परेशान नहीं हुए और सामान्य रूप से कामकाज जारी रखा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वकील राकेश किशोर के पास से वकीलों और क्लर्कों को जारी किया जाने वाला एक एंट्री कार्ड भी बरामद हुआ है। इस घटना ने सुप्रीम कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








