नवी मुंबई-कलयुगी मां ने हिंदी बोलने पर 6 साल की बेटी की हत्या की
डॉक्टरों को हुआ शक तो खुला राज,पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल
कलंबोली पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 30 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है
नवी मुंबई (BNE ): महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आयी है। यहाँ कलंबोली इलाके में 23 दिसंबर को एक 30 वर्षीय महिला ने अपनी 6 साल की मासूम बेटी की कथित तोर पर हत्या कर दी। पुलिस के पूछताक्ष में जो खुलासा हुआ है वह बेहद चौकाने वाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला बेटे की चाहत रखती थी और अपनी बेटी के मराठी न बोल पाने से बेहद नाराज थी। बच्ची केवल हिंदी में बात करती थी, जो मां को पसंद नहीं था। इन अजीबोगरीब कारणों और मानसिक तनाव के चलते मां ने अपनी ही संतान का गला घोंट दिया।
डॉक्टरों को हुआ शक तो खुला राज
घटना 23 दिसंबर की है। 30 वर्षीय आरोपी महिला अपनी बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची थी। उसने डॉक्टरों को बताया कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण बच्ची अचानक बेहोश हो गई है। हालांकि, जब डॉक्टरों ने जांच की तो बच्ची को मृत पाया। डॉक्टरों को मामला संदेहास्पद लगा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शुरुआत में इसे आकस्मिक मौत का मामला मानकर दर्ज किया था, लेकिन सच्चाई सामने आना अभी बाकी था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल
जब बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो पुलिस और परिवार के होश उड़ गए। रिपोर्ट में साफ हुआ कि बच्ची की मौत प्राकृतिक कारणों से नहीं हुई थी, बल्कि उसका गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज किया और मां को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान मां ज्यादा देर झूठ नहीं बोल सकी और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
हत्या की हैरान करने वाली वजहें
पुलिस की पूछताछ में महिला ने हत्या के पीछे तीन मुख्य कारण बताए। पहला, वह हमेशा से एक बेटा चाहती थी और बेटी होने के कारण असंतुष्ट थी। दूसरा, उसे इस बात की चिढ़ थी कि उसकी बेटी मराठी नहीं बोल पाती थी और केवल हिंदी भाषा का प्रयोग करती थी, जिसे वह बच्ची का सही विकास नहीं मान रही थी। तीसरा, पुलिस को यह भी पता चला है कि महिला का डिप्रेशन का इलाज चल रहा था, जिसके कारण वह छोटी-छोटी बातों पर तनाव में आ जाती थी।
आरोपी मां पुलिस हिरासत में
कलंबोली पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 30 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस जघन्य अपराध में महिला अकेले थी या इसमें किसी और की भी भूमिका है। फिलहाल, इस घटना ने परवरिश के दबाव और समाज की मानसिकता पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










