शोर सुनकर मोहल्ले के लोग बाहर आए और टेलर को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया। टेलर के गले में गमछा कसा और उसके सहारे घसीटकर गली के बाहर ले जाकर मार डाला।
वारदात के बाद मोहल्ले के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। वह अपने सगे भाई की हत्या के आरोप में जेल गया था। दो हफ्ते पहले ही जेल से छूटकर आया था। घटना शहर के शेखाना मोहल्ले की है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर पुरानी पुलिस लाइन के पीछे ताजपुर नौकास्त मोहल्ले में टेलर निजामुद्दीन रहते थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है जबकि बड़ा बेटा मोइनुद्दीन परफ्यूम की दुकान में काम करता है। पत्नी और छोटा बेटा हासिम घर पर ही रहते हैं।
निजामुद्दीन पास की ही कांशीराम कॉलोनी में कपड़ों की सिलाई का काम करते थे। उन्होंने मंगलवार को पुरानी पुलिस लाइन के पीछे 4 लाख रुपए में डेढ़ डिसमिल जमीन का बैनामा कराया था। इसी जमीन पर वो मकान का निर्माण कराने वाले थे।
बुधवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे निजामुद्दीन घर से करीब 2 किलोमीटर दूर शेखाना मोहल्ले में अपने दोस्त मुंतजिर को लड्डू खिलाने साइकिल से उसके घर गए थे। उस समय आरोपी वसीक मुल्ला गली में टहल रहा था।
लड्डू मांगने पर हुआ था झगड़ा
निजामुद्दीन ने अपने दोस्त का दरवाजा खटखटाया तो उसकी बहन बाहर आई। उसने बताया कि भाई अभी घर पर नहीं हैं। इसी बीच निजामुद्दीन लड्डू निकालने के लिए साइकिल पर टंगा झोला लेने गए। तभी आरोपी उनसे बहस करने लगा।
मोहल्ले के लोगों का कहना है- आरोपी ने पूछा कि डिब्बे में क्या है। निजामुद्दीन ने कहा कि लड्डू हैं। इसपर उसने लड्डू मांगे। निजामुद्दीन के मना करने पर आरोपी ने निजामुद्दीन को पकड़ लिया और चप्पल से पीटने लगा।
इसके बाद कॉलर पकड़कर उन्हें 10 मीटर दूर लाया और जमीन पर पटक दिया। निजामुद्दीन के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग पहुंचे और बचाव करने लगे। लेकिन आरोपी वसीक मुल्ला ने उन्हें धक्का दे दिया। जबतक कोई कुछ समझ पाता, तब तक उसने अपना गमछा निकला और निजामुद्दीन के गले में फंदा कस दिया।
गिराकर मारा, फिर गले में गमछा कसा
सीसीटीवी में दिख रहा है कि गमछा कसने के बाद वसीक मुल्ला टेलर को पीटता है। गले में फंदा कसकर गली में तेजी से घसीटते हुए ले गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद वो मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार सदर कोतवाली की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। घटना को लेकर मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की गई।
पत्नी बोली- 20 साल पहले भाई को मारकर जेल गया था
आरोपी वसीक के भाई कलीम ने बताया- हम लोग 4 भाई थे। वसीक दूसरे नंबर पर है। वो साइको टाइप का है। सबसे बड़े भाई तौफीक हसन ने करीब 30 साल पहले कहासुनी के बाद पिता तौकीर हसन की हत्या कर दी थी। वो जेल गया था। उसके बाद जमानत पर घर आ गया था। पिता की मौत के बाद वसीक मुल्ला उससे बात नहीं करता था।
करीब 20 साल पहले वसीक ने किसी बात पर बहस के बाद भाई तौफीक की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी। वो भी जेल गया था। करीब 4 साल केस चला और कोर्ट से उसे उम्रकैद की सजा हो गई। सजा के एक साल बाद ही उसे जमानत मिल गई और वो बाहर आ गया। लेकिन परिवार से उसने दूरी बना ली।
8 बीघा जमीन बेच चुका था
पत्नी रिजवाना ने बताया- हम लोग पति से मतलब नहीं रखते थे। उसके नाम 12 बीघा जमीन थी। जिसमें से उसने 8 बीघे जमीन बेच दी थी। उसी से अपना खर्च चलाता था। खेतों में ही अमरूद की बाग है, वहीं पर रहता था। आज उसने फिर से हत्या कर दी। वो साइको किस्म का है। इसलिए उससे हम लोग दूर रहते हैं। मैं खुद ही कपड़ों की कढ़ाई का काम कर अपने बच्चों को पाल रही हूं।
पत्नी बोली- मैंने कहा था इसे जेल या पागल खाने भेज दो
हम लोगों ने पहले भी पुलिस से कहा था कि पति को जेल या पागल खाने भिजवा दें, ये बाहर रहने लायक नहीं है। लेकिन पुलिस ने हमारी नहीं सुनी। वो मेरे साथ भी कई बार मारपीट कर चुका है। मैंने शिकायतें भी कीं। लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया।
एसपी विनोद कुमार ने बताया ” सीसीटीवी फुटेज में वसीक निजामुद्दीन पर हमला कर गमछा उनके गले में कसते नजर आया है। वो मानसिक विक्षिप्त है और मोहल्ले में घूमता रहता है। हत्याकांड को उसने ही अंजाम दिया है। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।