MUMBAI-लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को धमकी मामले में ऑडिओ जारी कर कही ये बात
ऑडियो में उसने सलमान खान को लेकर बेहद गंभीर और डराने वाली बात कही
मुंबई (BNE ): लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक ऑडियो संदेश जारी कर पवन सिंह को धमकी देने की बात का पूरी तरह से खंडन किया है। गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर हरि बॉक्सर की ओर से जारी इस ऑडियो में साफ कहा गया है कि उनके गैंग की तरफ से भोजपुरी स्टार को कोई भी कॉल या धमकी भरा मैसेज नहीं भेजा गया है। हालांकि, अपनी सफाई देने के साथ ही गैंगस्टर ने सलमान खान के साथ काम करने वालों के लिए एक और खौफनाक चेतावनी जारी कर दी है।
वायरल हो रहे इस ऑडियो मैसेज में हरि बॉक्सर ने दावा किया है कि इस पूरे प्रकरण में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम बेवजह घसीटा जा रहा है। गैंगस्टर का कहना है कि पवन सिंह शायद अपनी सुरक्षा बढ़वाने के उद्देश्य से पुलिस और जनता को गुमराह कर रहे हैं। बॉक्सर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पवन सिंह ने उनके खिलाफ थाने में गलत बयानी की है और झूठी शिकायत दर्ज कराई है, जबकि हकीकत यह है कि गैंग का इस मामले से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है।
भले ही हरि बॉक्सर ने पवन सिंह को धमकी देने से इनकार किया हो, लेकिन ऑडियो में उसने सलमान खान को लेकर बेहद गंभीर और डराने वाली बात कही है। गैंगस्टर ने अपने संदेश में कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग जो भी करता है, वह छिपकर नहीं बल्कि खुलेआम करता है। उसने खुली चुनौती देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति सलमान खान के साथ काम करेगा या उनका सहयोग करेगा, उन्हें वे धमकी नहीं देंगे, बल्कि सीधे एके-47 की गोलियों से भून देंगे।
गौर हो कि 6 दिसंबर को पवन सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरे मैसेज मिले थे, जब वह मुंबई में थे और टीवी शो ‘बिग बॉस’ के फिनाले में गेस्ट के तौर पर शामिल होने वाले थे। मैसेज में उन्हें सलमान खान के साथ काम बंद करने की चेतावनी दी गई थी। उस वक्त पवन सिंह के करीबी सूत्रों ने बताया था कि पुलिस को औपचारिक एफआईआर के बजाय केवल सूचना दी गई थी, जिसके आधार पर एहतियातन पवन सिंह की सुरक्षा और प्रोटोकॉल को कड़ा कर दिया गया था। अब इस नए ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां नए सिरे से मामले की जांच कर रही हैं।










