



IPL 2025 से बाहर हुए ऋतुराज गायकवाड़, कप्तानी की कमान फिर संभालेंगे एमएस धोनी
कोहनी की चोट से टूर्नामेंट से बाहर हुए गायकवाड़, चेन्नई की कप्तानी अब धोनी के हाथों में
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी की गंभीर चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। इस अहम मौके पर टीम की कप्तानी अब महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर संभालते हुए नजर आएंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि गायकवाड़ को जोफ्रा आर्चर की गेंद पर कोहनी में फ्रैक्चर हुआ है, जिसके चलते वह बाकी सीजन में नहीं खेल सकेंगे।
गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब बीच सीजन में धोनी को कप्तानी की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी है। इससे पहले 2022 में रविंद्र जडेजा के खराब प्रदर्शन के बाद भी धोनी ने कमान वापस ली थी।
ऋतुराज की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन इस सीजन कुछ खास नहीं रहा। टीम ने अब तक पांच मुकाबले खेले हैं, जिनमें सिर्फ एक जीत मिली है—पहले मैच में मुंबई इंडियंस को हराकर। इसके बाद टीम को लगातार चार हार का सामना करना पड़ा।
धोनी के अनुभव और लीडरशिप में अब CSK को वापसी की उम्मीद है। फैंस की निगाहें एक बार फिर थाला पर टिकी होंगी कि क्या वह टीम को पटरी पर ला पाएंगे।