बाराबंकी में बंदरों ने मचाया उत्पात ,श्रद्धालुओं पर गिरा बिजली का तार ,2 की मौत ,45 घायल
हादसा बाराबंकी के शिव मंदिर में सुबह 3 बजे हुआ ,जाँच के आदेश -डीएम
Barabanki: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर हादसे के बाद सोमवार सुबह यूपी के बाराबंकी में एक शिव मंदिर में हुए हादसे में 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गयी जबकि 45 से अधिक लोग घायल हुए है। जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल हॉस्पीटल पहुचाया गया। भगदड़ की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। कुछ बंदरों के बिजली के तारों पर कूदने से एक हाई-वोल्टेज तार टूटकर मंदिर परिसर के टीन शेड पर जा गिरा। जैसे ही तार में करंट फैला, मंदिर में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। चीख-पुकार के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बिजली के करंट की चपेट में आने से कई लोग गिरे और भगदड़ में दब गए। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रशांत (मुबारकपुरा निवासी) और एक अन्य 25 वर्षीय अज्ञात युवक के रूप में हुई है, जिनकी मौत त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में इलाज के दौरान हुई।
घायलों का इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद घायलों को त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि पांच गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने और घायलों को उचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया हैं कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मंदिर में दर्शन फिर से शुरू हो गए हैं।










