



वेटिकन में पोप फ्रांसिस से मिले महाराजा चार्ल्स और महारानी कैमिला
20वीं विवाह वर्षगांठ पर शाही जोड़े की इटली यात्रा, पोप से निजी भेंट में मिले शुभकामनाएं
ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय और महारानी कैमिला ने बुधवार को वेटिकन में पोप फ्रांसिस से विशेष मुलाकात की। यह भेंट शाही जोड़े की इटली यात्रा और उनके विवाह की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित की गई।
वेटिकन के अनुसार, निमोनिया के संक्रमण से उबरने के बाद यह पोप फ्रांसिस की पहली निजी मुलाकात थी। उन्होंने महाराजा और महारानी को विवाह वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं, वहीं शाही दंपति ने पोप के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
बर्मिंघम पैलेस ने अपने बयान में कहा कि “महामहिम इस बात से अत्यंत प्रसन्न हैं कि उन्हें पोप से व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।”
इससे पहले, चार्ल्स ने इटली की संसद को संबोधित करते हुए यूरोप में शांति और सहयोग के लिए ब्रिटेन-इटली संबंधों को मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यूक्रेन को समर्थन देने, नाटो के साथ सहयोग और साझा मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया।
अपने भाषण में जलवायु परिवर्तन का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि वह आज वही चेतावनियाँ सच होते देख रहे हैं, जो उन्होंने 16 वर्ष पहले दी थीं।
अपनी सालगिरह के अवसर पर महारानी कैमिला ने वही परिधान पहना, जिसे डिजाइनर ऐनी वेलेंटाइन ने खासतौर पर फिर से तैयार किया था। शाही दंपति ने इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटेरेला द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी शिरकत की।