LUCKNOW-योगी कैबिनेट ने स्टार्टअप नीति 2026 से लेकर पशुधन बीमा योजना तक, 27 प्रस्तावों को दी हरी झंडी
जलालाबाद तहसील अब कहलाएगी ‘भगवान परशुराम पुरी’, प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू
सीएम योगी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि, धारा 370 का किया जिक्र
लखनऊ (BNE ): उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट बैठक में सोमवार को कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मुहर लग गयी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई एवं दोनों डिप्टी सीएम और कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में कुल 27 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। सरकार ने जहां एक तरफ शाहजहांपुर जिले की जलालाबाद तहसील का नाम बदलने के ऐतिहासिक प्रस्ताव को मंजूरी दी है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में निवेश, शिक्षा और पशुपालकों के हित में कई बड़ी घोषणाएं की हैं। हालांकि, इस बैठक में मदरसा शिक्षकों से जुड़े एक अहम प्रस्ताव पर फिलहाल कोई फैसला नहीं हो सका और उसे टाल दिया गया।
जलालाबाद तहसील अब कहलाएगी ‘भगवान परशुराम पुरी’, प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू
कैबिनेट बैठक में लिए गए सबसे प्रमुख फैसलों में शाहजहांपुर जिले की जलालाबाद तहसील का नाम बदलना शामिल है। योगी कैबिनेट ने जलालाबाद तहसील का नया नाम अब ‘भगवान परशुराम पुरी’ करने के प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी दे दी है। सरकार के इस निर्णय के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शासन की ओर से अब इस संबंध में राजस्व और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे जल्द ही सरकारी दस्तावेजों में भी नया नाम प्रभावी हो जाएगा।
स्टार्टअप नीति 2026 से लेकर पशुधन बीमा योजना तक, 27 प्रस्तावों को हरी झंडी
बैठक के बाद आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि प्रदेश में युवाओं और उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए ‘स्टार्टअप मिशन’ की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही ‘यूपी स्टार्टअप नीति 2026’ और ‘डेटा सेंटर नीति 2026’ पर भी कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। वहीं, पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के विभाग द्वारा पेश की गई ‘मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना’ को भी स्वीकृति मिल गई है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू होने वाली इस योजना से लघु व सीमांत किसानों और पशुपालकों को किसी महामारी, अपंगता या पशु की मृत्यु होने पर बीमा कवर का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, कैबिनेट ने कानपुर के बिल्हौर में महर्षि योगी इंटरनेशनल कृषि विश्वविद्यालय, फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय और गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ-साथ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों की पेंशन बढ़ाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है।
मदरसा शिक्षकों की ग्रेच्युटी के प्रस्ताव पर लगा ब्रेक, कैबिनेट ने टाला फैसला
एक तरफ जहां 27 प्रस्तावों पर सरकार ने मुहर लगाई, वहीं मदरसा शिक्षकों से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। कैबिनेट बैठक के एजेंडे में कुल 28 प्रस्ताव शामिल थे, जिनमें क्रम संख्या 15 पर मदरसा शिक्षकों की ग्रेच्युटी से संबंधित प्रस्ताव सूचीबद्ध था। चर्चा के बाद कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मौजूदा बैठक में मंजूरी न देते हुए टालने का फैसला किया। सरकार की ओर से इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और इसे भविष्य के लिए स्थगित रखा गया है।
सीएम योगी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि, धारा 370 का किया जिक्र
कैबिनेट बैठक के इतर, लखनऊ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की अखंडता और एकता के लिए ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान’ के खिलाफ जोरदार शंखनाद किया और साल 1953 में कश्मीर में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन नेहरू सरकार की तुष्टीकरण नीति और धारा 370 के खिलाफ डॉ. मुखर्जी के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साल 2019 में धारा 370 हटाकर और संविधान लागू करके पूरा किया गया है।









