पूरी तैयारी के साथ पंचायत चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे- अविनाश पाण्डेय
लखनऊ, (BNE)उत्तर प्रदेश में जारी संगठन सृजन अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, प्रभारी उत्तर प्रदेश अविनश पाण्डेय जी की गरिमामयी उपस्थिति एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय जी की अध्यक्षता और राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम जी की मौजूदगी में आज दूसरे दिन प्रदेश के बृज जोन के जनपदों (मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कासगंज, अलीगढ़, हाथरस, बदायूँ, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, फरुर्खाबाद) के जिला/शहर अध्यक्ष एवं कोऑर्डिनेटरों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से सांसद इमरान मसूद जी, उ0प्र0 कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना जी, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह एवं निवर्तमान प्रदेश महासचिव अनिल यादव जी भी मौजूद रहे।
आज की बैठक में जिला/शहर अध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा के साथ अविनाश पाण्डेय जी ने सभी पदाधिकारियों को आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी हेतु भी निर्देश दिए। श्री पाण्डेय ने कहा कि पंचायत चुनाव जमीनी हक़ीकत को बयां करने वाला चुनाव होता है। संगठन सृजन का मूल लक्ष्य बूथ लेवल तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने का है। हम अपने लक्ष्य में तभी सफल होंगे जब हम पूरी तैयारी के साथ पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेंगे और जीतेंगे।
राष्ट्रीय महासचिव, प्रभारी उ0प्र0 अविनाश पाण्डेय जी ने कहा कि जिले के सभी प्रमुख नेता पंचायत चुनावों में सक्रिय भूमिका निभायें।
बैठक की समीक्षा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय जी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत दिए गए कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें। संगठन निर्माण एक सतत प्रक्रिया है अतः सभी कोऑर्डिनेटर अपने प्रभार क्षेत्रों में अधिक से अधिक प्रवास करें और संगठन सृजन के लक्ष्य को पूर्ण करने में जिला/शहर अध्यक्षों का सहयोग करें।










