LUCKNOW-उ0प्र0 में एक्सप्रेस-वे की रफ्तार से ज्यादा उ0प्र0 के विकास की रफ्तार
उ0प्र0 में गंगा एक्सप्रेस-वे का वरदान माँ गंगा का आशीर्वाद,
यह उ0प्र0 के विकास की नई लाइफ-लाइन बनेगा : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री जी ने नृसिंह भगवान की भूमि को नमन करते हुए कहा कि यहां माँ गंगा अपनी कृपा बहाती हुई गुजरती हैं। यह पूरा क्षेत्र किसी तीर्थ से कम नहीं है। उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेस-वे का वरदान माँ गंगा का आशीर्वाद है। अब लोग कुछ ही घण्टों में संगम पहुंच सकते हैं तथा काशी में बाबा विश्वनाथ धाम के दर्शन कर वापस आ सकते हैं। जिस प्रकार माँ गंगा हजारों वर्षां से देश व उत्तर प्रदेश की जीवन रेखा रही हैं, उसी प्रकार आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरने वाला यह एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के विकास की नई लाइफ-लाइन बनेगा।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे प्रदेश के एक छोर को दूसरे छोर से जोड़ने के साथ ही एन0सी0आर0 की सम्भावनाओं को समीप लाएगा। इस पर गाड़ियां तो दौड़ेंगी ही, साथ ही एक्सप्रेस-वे के किनारे नये औद्योगिक अवसर भी विकसित होंगे। इसके लिए हरदोई के साथ ही अन्य जनपदों में इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किये जा रहे हैं। इससे हरदोई, उन्नाव व शाहजहांपुर सहित सभी 12 जनपदां में नये उद्योग स्थापित होंगे। फार्मा, टेक्सटाइल जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में क्लस्टर्स विकसित होंगे। युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे। उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे की रफ्तार से ज्यादा उत्तर प्रदेश के विकास की रफ्तार है। यह एक्सप्रेस-वे केवल हाई स्पीड सड़क नहीं है, बल्कि नई सम्भावनाआें, नये सपनों और नये अवसरों का गेट-वे है।
प्र्रधानमंत्री जी ने कहा कि लगभग 600 कि0मी0 लम्बे गंगा एक्सप्रेस-वे से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, बुलन्दशहर, हापुड़, अमरोहा, सम्भल और बदायूं, मध्य उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव और रायबरेली, पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ और प्रयागराज तथा इनके आस-पास के अन्य जनपदों के करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आएगा। इन क्षेत्रों को माँ गंगा और सहायक नदियों की उपजाऊ मिट्टी का वरदान मिला है। इस एक्सप्रेस-वे के माध्यम से कम समय में बड़े बाजारों तक पहुंच आसान होगी। यहां खेती के लिए आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा। इससे अन्नदाता किसानों की आय बढ़ेगी।
देश के तीव्र विकास के लिए आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने दिसम्बर, 2021 में शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था। 05 वर्ष से कम समय में उत्तर प्रदेश का सबसे लम्बा एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हो गया है। आज हरदोई से इसका लोकार्पण भी हो रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा होने के साथ ही इसके विस्तार की योजना पर भी कार्य प्रारम्भ हो गया है। शीघ्र ही यह एक्सप्रेस-वे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा। इसे और अधिक उपयोगी बनाने के लिए फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर अन्य एक्सप्रेस-वे के साथ जोड़ा जाएगा। यह डबल इंजन सरकार का विजन है।
विगत 04-05 दिनों से माँ गंगा के सान्निध्य में रहना अद्भुत संयोग है। विगत 24 अप्रैल को उन्होंने बंगाल में माँ गंगा का दर्शन किया था। विगत दिवस वह काशी में रहे और आज सुबह बाबा विश्वनाथ, माँ अन्नापूर्णा और माँ गंगा के दर्शन सौभाग्य प्राप्त हुआ। अब माँ गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण का अवसर मिला है। यह खुशी का विषय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे का नाम माँ गंगा के नाम पर रखा है। इसमें हमारा विकास का विजन झलकता है तथा विरासत के दर्शन भी होते हैं।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि हमारा युवा ‘प्रधानमंत्री मुद्रा योजना’ और ओ0डी0ओ0पी0 जैसी योजनाओं की ताकत से नये-नये कीर्तिमान गढ़ रहा है। यहां छोटे उद्योगों तथा एम0एस0एम0ई0 को बढ़ावा मिल रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा मिलने से उनके लिए भी नये रास्ते खुलेंगे। मेरठ के स्पोर्ट्स के सामान, सम्भल के हैण्डीक्राफ्ट, बुलन्दशहर के सेरेमिक, हरदोई के हैण्डलूम, उन्नाव के लेदर और प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद बड़े पैमाने पर देश व दुनिया के बाजारों तक पहुंचेंगे। इससे लाखों परिवारों की आमदनी बढ़ेगी।
प्रधानमंत्री जी कहा कि उत्तर प्रदेश को पहले बीमारू राज्य कहा जाता था, जबकि आज यह वन ट्रिलियन इकोनॉमी की ओर आगे बढ़ रहा है। यह बहुत बड़ा लक्ष्य है, लेकिन इसके साथ ही, उतनी ही बड़ी तैयारी भी है। देश की सबसे बड़ी युवा आबादी का पोटेंशियल उत्तर प्रदेश के पास है। इस ताकत का प्रयोग उत्तर प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में नये उद्योग व कारखाने लगेंगे। बड़ी मात्रा में निवेश से आर्थिक प्रगति के द्वार खुलेंगे तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इस विजन को केन्द्र में रखकर विगत वर्षां में लगातार कार्य किया गया है।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश की पहचान पहले पलायन से होती थी, आज उसे इन्वेस्टर्स समिट और इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए जाना जाता है। यू0पी0 इन्वेस्टर्स समिट में देश व दुनिया से कम्पनियां आती हैं। उत्तर प्रदेश में हजारों करोड़ों रुपये का निवेश हो रहा है। भारत को दुनिया का बड़ा मोबाइल निर्माता बनाने में उत्तर प्रदेश का बहुत योगदान है। आज भारत जितने मोबाइल बनाता है उसमें से आधे से अधिक मोबाइल उत्तर प्रदेश में बनते हैं। विगत दिनों उन्होंने नोएडा में सेमीकण्डक्टर प्लाण्ट का शिलान्यास किया था। ए0आई0 के युग में सेमीकण्डक्टर क्षेत्र महत्वपूर्ण होता जा रहा है। उत्तर प्रदेश इसमें भी लीड लेने के लिए आगे बढ़ रहा है। इससे उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए भविष्य में असीम अवसरों वाला बहुत बड़ा क्षेत्र खुल रहा है।
उत्तर प्रदेश का औद्योगिक विकास आज भारत की बहुत बड़ी सामरिक ताकत बन रहा है। देश के दो डिफेन्स कॉरिडोर में से एक उत्तर प्रदेश में है। बड़ी डिफेन्स कम्पनियां यहां अपनी फैक्ट्री लगा रही हैं। ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें, जिनका लोहा दुनिया मानती है, उत्तर प्रदेश में बन रही हैं। रक्षा उपकरणों के निर्माण में छोटे-छोटे पार्ट्स की सप्लाई के लिए प्रदेश के एम0एस0एम0ई0 को काम मिलता है। छोटे-छोटे जनपदों में भी अब युवा बड़े-बड़े उद्योगों से जुड़ने का सपना देख रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश ने अपनी नई पहचान बनायी है।
एक समय जिस उत्तर प्रदेश की पहचान गड्ढां से होती थी, वही आज देश में सबसे अधिक एक्सप्रेस-वे वाला राज्य बन चुका है। पहले पड़ोसी जनपदों तक जाना भी मुश्किल होता था। आज उत्तर प्रदेश में 21 एयरपोर्ट हैं, जिसमें 05 इण्टरनेशनल एयरपोर्ट हैं। अब नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट भी बन चुका है। गंगा एक्सप्रेस-वे से नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट कुछ ही घण्टों की दूरी पर है। उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम व भगवान श्रीकृष्ण की भूमि है। आज देश भर में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उदाहरण दिया जाता है।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि विगत दिनां संसद में पेश किये गये नारी शक्ति वन्दन अधिनियम संशोधन विधेयक यदि पास हो जाता, तो वर्ष 2029 से ही महिलाओं को संसद व विधान सभाओं में आरक्षण मिल जाता। बड़ी संख्या में माताएं व बहनें सांसद व विधायक बनकर संसद व विधान सभाओं में पहुंचती। लेकिन विरोधी दलों के विरोध से यह संशोधन पारित नहीं हो पाया।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि आज देश विकसित भारत का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। इस संकल्प को पूरा करने में उत्तर प्रदेश की बहुत बड़ी भूमिका है। आज पूरी दुनिया युद्ध, अशांति और अस्थिरता में फंसी हुई है। दुनिया के बड़े-बड़े देशों की हालत खराब है, लेकिन भारत विकास के मार्ग पर उसी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। हम आत्मनिर्भर भारत के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। अत्याधुनिक इन्फ्रास्क्ट्रक्चर का निर्माण किया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे इसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि अभी कुछ समय पूर्व उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया था। उन्होंने नये एक्सप्रेस-वे को भारत की हस्त रेखाएं कहा था। यह आधुनिक हस्त रेखाएं आज भारत के उज्ज्वल भविष्य का जयघोष कर रही हैं। अब वह दौर चला गया जब एक सड़क के लिए दशकों तक इन्तजार करना पड़ता था। एक बार घोषणा होने के बाद वर्षां तक फाइलें चलती थीं। डबल इंजन सरकार के काल में शिलान्यास होने के साथ-साथ तय समय में लोकार्पण भी होता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रधानमंत्री जी का स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से उनकी विराट सोच के अनुरूप गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन हो रहा है। हरदोई भगवान नृसिंह, वामन अवतार तथा श्रीहरि विष्णु के परम भक्त प्रहलाद के अवतरण की पावन धरा है। यह भूमि माँ गंगा के आशीर्वाद से अभिसिंचित है। उन्होंने माँ गंगा स्तुति- ‘देवि सुरेश्वरि भगवति गंगे, त्रिभुवनतारिणि तरलतरंगे‘ करते हुए कहा कि माँ गंगा के समानान्तर उस विराट को छूने तथा उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को नई उड़ान देने के लिये गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास प्रधानमंत्री जी ने दिसम्बर, 2021 में किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश को वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही को आगे बढ़ाने तथा तय समयसीमा में पूरा करने का विजन दिया था। गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनने जा रही है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उनके विजन को स्पष्ट नीति और साफ नीयत के साथ प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का कार्य किया गया। आज देश में हम नये भारत का दर्शन कर रहे हैं। नये भारत के नये उत्तर प्रदेश में यह आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर हमारे आवागमन को सरल व सुगम बनाएगा तथा अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज एक्सप्रेस-वे प्रदेश की समृद्धि का आधार बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेस-वे डिफेन्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर को सशक्त, अन्नदाता किसानों की उन्नति तथा युवाओं के रोजगार का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह आस्था और संस्कृति का एक्सप्रेस-वे है। इस एक्सप्रेस-वे से आच्छादित जनपदों में इन्टीग्रेटेड इण्डस्ट्रियल क्लस्टर एण्ड लॉजिस्टिक हब डेवलप करने की कार्यवाही तेजी के साथ आगे बढ़ी है। 594 किलोमीटर के लम्बे इस एक्सप्रेस-वे के लिए अन्नदाता किसानों से 18 हजार एकड़ भूमि ली गयी है। इस पर बनने वाले इण्डस्ट्रियल क्लस्टर और लॉजिस्टिक हब के लिये अलग-अलग स्थानों पर लगभग 07 हजार एकड़ भूमि लेकर नये निवेश के माध्यम से युवाओं के लिये नये रोजगार की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाया गया।
मुख्यमंत्री जी ने मेरठ से प्रयागराज तक 12 जनपदों में विस्तारित इस एक्सप्रेस-वे के लिये एक लाख से अधिक किसानों को भूमि उपलब्ध कराने में अपना योगदान देने के लिये आभार व्यक्त किया। उन्हांने कहा कि अन्नदाता किसानों ने प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिये अपना योगदान दिया। इसके परिणामस्वरूप गंगा एक्सप्रेस-वे बन कर तैयार हो गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में परिवारवाद, जातिवाद, दंगा, अराजकता, कर्फ्यू, माफिया के अराजकता पूर्ण माहौल के कारण विकास, रोजगार एवं नये निवेश की कल्पना नहीं की जा सकती थी, लेकिन विगत 09 वर्षों में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, हाई-वे, डिस्ट्रिक्ट-वे और ग्रामीण सड़कों का 04 लाख किलोमीटर का बेहतरीन नेटवर्क देखने को मिल रहा है। इन्टर स्टेट कनेक्टिविटी के लिये फोर-लेन मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही, प्रत्येक जिला मुख्यालय को फोर लेन तथा प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील मुख्यालयां को फोर-लेन व टू-लेन सड़कों के साथ जोड़ा जा रहा है। प्रदेश के 07 शहरों में मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। विगत दिनों प्रधानमंत्री जी ने दिल्ली से मेरठ तक देश की पहली रैपिड रेल का शुभारम्भ कर दूरियों को समेटने के साथ ही, उत्तर प्रदेश की अनलिमिटेड पोटेंशियल को आगे बढ़ाने का कार्य किया। आज डबल इंजन सरकार की ताकत प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, रैपिड रेल, इनलैण्ड वॉटर-वे, मेट्रो तथा डेडीकेटेड रेल फ्रेट-कॉरिडोर के रूप में दिखाई दे रही है।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने गंगा एक्सप्रेस-वे का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
——————-










