LUCKNOW-सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक का लखनऊ में निधन
जब प्रतीक को लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी. हार्ट भी रुक चुका था-डॉ. डीसी पांडेय
प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा फिलहाल असम में हैं. वे लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं
लखनऊ. (BNE ) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दुखद और बड़ी खबर मिल रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया है। प्रतीक के परिजन उन्हें सुबह 6 बजे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहाँ डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय के मुताबिक, जब प्रतीक को लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी. हार्ट भी रुक चुका था.
प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा फिलहाल असम में हैं. वे लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं. अभी मौत की वजह पता नहीं चल सकी है. शव का पोस्टमॉर्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, यानी ्यत्ररू में कराया जा रहा है. अपर्णा के भाई अमन सिंह बिष्ट बाहर मौजूद हैं. अखिलेश यादव भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे हैं.
सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को प्रतीक को गंभीर हालत में लखनऊ के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. 3 दिन बाद उन्हें थोड़ा आराम मिला. इसके बाद वे अस्पताल से बिना छुट्टी के घर चले गए थे. डॉक्टर्स के मुताबिक, वो फेफड़े की गंभीर बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म से जूझ रहे थे. इसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंसकर ब्लड सर्कुलेशन को अचानक रोक देता है.
प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. साधना गुप्ता की पहली शादी 1986 में चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी. 1987 में प्रतीक का जन्म हुआ. 1990 में चंद्र प्रकाश गुप्ता और साधना का तलाक हो गया. इसी दौरान साधना और मुलायम की करीबी हो गई. 2003 में मुलायम सिंह ने साधना गुप्ता से शादी कर ली और सार्वजनिक तौर पर प्रतीक को बेटे का हक दिया था.
ब्रिटेन से पढ़ाई की, राजनीति से दूर थे
प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी. वे राजनीति से दूर थे. उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था. प्रतीक लखनऊ में द फिटनेस प्लैनेट नाम से एक जिम के मालिक थे. प्रतीक ने अपर्णा यादव से 14 साल पहले लव-मैरिज की थी. दोनों की दो बेटियां हैं. प्रतीक ने 19 जनवरी को अचानक पत्नी अपर्णा से तलाक लेने का ऐलान कर दिया था. कहा था- अपर्णा ने मेरी जिंदगी नरक बना दी. हालांकि, 9 दिन बाद दोनों में सुलह हो गई थी.
अखिलेश बोले- 2 महीने पहले प्रतीक से मिला था
सपा मुखिया अखिलेश यादव पोस्टमॉर्टम हाउस में करीब 45 मिनट रुके. बाहर आकर बोले- कुछ दिन पहले मेरी प्रतीक से मुलाकात हुई थी, लगभग 2 महीने पहले. उसे समय भी मैंने यही कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो. अपने कारोबार को आगे बढ़ाओ. कभी-कभी कारोबार में जो नुकसान होता है, उससे कई बार आदमी बहुत टूट जाता है.










