LUCKNOW-7 फेरों में 7 जन्मों की कसम, 7 मिनट में दुल्हन हुई छूमंतर,दूल्हा हुआ बेहोश
सुबह जब दुल्हन पल्लवी को विदाई के लिए बुलाया गया, तो वह घर से गायब मिली
पुलिस का कहना है कि, अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं मिली है।
लखनऊ-(BNE )– उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक हैरान कर देने वाला समाचार मिल रहा है। यहाँ एक विवाह समारोह में उस समय सभी उपस्थित लोग देखते रह गए जब विदाई से ठीक पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई। खुशियों से भरा माहौल देखते ही देखते हड़कंप में बदल गया और दूल्हा बेहोश होकर गिर पड़ा।
विदाई के समय मचा हड़कंप
घटना कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बा, दक्षिण टोला की है। जहां, बारात का स्वागत धूमधाम से हुआ। सब कुछ सामान्य चल रहा था और किसी को भनक भी नहीं थी कि कुछ बड़ा होने वाला है। लेकिन सुबह जब दुल्हन पल्लवी को विदाई के लिए बुलाया गया, तो वह घर से गायब मिली। घरवालों ने खोजबीन की लेकिन पल्लवी का कोई पता नहीं चला।
दूल्हे ने शादी के लिए गिरवी रखी थी जमीन
सूत्रों के अनुसार, दुल्हन पल्लवी की शादी सुशील गौतम निवासी बाबागंज, थाना घुंघटेर से तय की गई थी। तीन महीने पहले रिश्ता पक्का हुआ था। शादी के खर्च के लिए दूल्हे ने तीन बीघा जमीन गिरवी रखी थी। वह 11 वैनों और करीब 90 बारातियों के साथ शादी में पहुंचा था। ऐसे समय में जब दूल्हा और उसका परिवार जश्न में था, दुल्हन का अचानक फरार होना सभी के लिए स्तब्ध कर देने वाला था।
दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई तभी बाराती धीरे—धीरे कर वहां से निकलने लगे। दूल्हा और उसका परिवार शादी में हुए भारी खर्च की भरपाई की मांग लेकर हंगामा करने लगे तभी बंकी चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि, अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं मिली है।










