राज्यपाल ने चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर का किया निरीक्षण
राज्यपाल की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय में आयोजित हुई समीक्षा बैठक
निरीक्षण के दौरान कुलाधिपति जी ने छात्रावासों में निवासरत छात्राओं से संवाद कर उन्हें उपलब्ध सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वच्छता आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रावासों एवं विभागों से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
राज्यपाल जी ने छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने पठन-पाठन एवं प्रायोगिक कार्यों में उपलब्ध संसाधनों के पूर्ण उपयोग पर जोर देते हुए निर्देशित किया कि सभी पाठ्यक्रमों में आवश्यकता के अनुरूप शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल जी ने परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए।
तत्पश्चात कुलपति सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें छात्रावासों, खेलकूद मैदान, जैविक खेती, व्यायामशाला, तरणताल तथा एनआईआरएफ में विश्वविद्यालय की रैंकिंग में सुधार सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस अवसर पर राज्यपाल जी ने निर्देश दिया कि शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित अधोसंरचना ही विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाती है।
इस अवसर पर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, विशेष कार्याधिकारी श्री राज्यपाल (शिक्षा) डॉ. पंकज एल. जानी, विश्वविद्यालय के कुलपति श्री के. विजयेंद्र पांडियन, कुलसचिव एवं निदेशक प्रशासन श्रीमती रेनू सिंह, अर्थ नियंत्रक श्री संजय राय सहित विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, निदेशकगण, विभागाध्यक्ष, छात्रावासों के अधीक्षक, वार्डन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










