
LUCKNOW-जनजातीय गौरव दिवस:संस्कृत विश्वविद्यालय में गूंजा जननायकों का शौर्य और संघर्ष
महान जननायक बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, आत्मसम्मान, स्वतंत्रता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरक मिसाल है
जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ इस गौरवशाली इतिहास को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
लखनऊ(BNE)जनजातीय समाज का इतिहास केवल संघर्ष और बलिदान की गाथा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रनिर्माण की अमूल्य विरासत भी है। इसी गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपराओं और जनजातीय महापुरुषों के अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से 17 नवंबर 2026 को केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, लखनऊ परिसर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनजातीय समाज के साहस, त्याग, संघर्ष, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के वैदिक मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय का कुलगीत और राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया गया। बौद्धदर्शन विद्याशाखा के प्राध्यापक डॉ. प्रदीप कुमार द्विवेदी ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री दीनाक्षी नेगी ने प्रभावशाली ढंग से किया।
समारोह की अध्यक्षता परिसर निदेशक प्रो. सर्वनारायण झा ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महज एक औपचारिक आयोजन या स्मरण का अवसर नहीं है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय स्वाभिमान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण पर्व है। जनजातीय समाज ने अपनी अनूठी जीवनशैली, लोकपरंपराओं, प्रकृति के प्रति गहरे जुड़ाव और अदम्य साहस से भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने महान जननायक बिरसा मुंडा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, आत्मसम्मान, स्वतंत्रता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरक मिसाल है। ऐसे महापुरुषों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकारों, स्वाभिमान और देश की अस्मिता के लिए खड़े होने का संदेश देता है।
प्रो. झा ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास भारतीय राष्ट्र की गौरवगाथा का अभिन्न हिस्सा है। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी जनजातीय महापुरुषों के योगदान, पारंपरिक ज्ञान, सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी दृष्टि को समझे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ इस गौरवशाली इतिहास को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा की व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत तभी पूर्ण मानी जा सकती है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग के ज्ञान, अनुभव और योगदान को समान सम्मान मिले। जनजातीय समाज का पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति के साथ उसका संतुलित जीवन भारतीय समाज के लिए महत्वपूर्ण सीख है।
कार्यक्रम की विशिष्ट वक्ता बौद्धदर्शन विद्याशाखा की सहायकाचार्या डॉ. कृष्णा कुमारी ने अपने जन्मस्थली के ग्रामीण परिवेश से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से जनजातीय समाज के सामाजिक योगदान, सांस्कृतिक पहचान और स्वाभिमान के विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया। उन्होंने जनजातीय परंपराओं और जीवन मूल्यों को समझने तथा उनके महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर विचार रखे।
इस अवसर पर अभिनेश कुमार सरोज, रामचन्द्र और रामनिहोरे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने जनजातीय समाज को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक संरक्षण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
समारोह के समापन पर विभागीय प्राध्यापक डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले आयोजकों, वक्ताओं, अतिथियों, आचार्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। साथ ही परिसर निदेशक प्रो. सर्वनारायण झा के मार्गदर्शन और प्रेरणा के लिए विशेष कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिसर के प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह ने यह संदेश दिया कि जनजातीय समाज का सम्मान केवल उसके इतिहास को याद करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी सांस्कृतिक विरासत, ज्ञान और योगदान को भारतीय समाज की मुख्यधारा में उचित स्थान देना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
Post Views: 24