LUCKNOW-उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग से बढ़ी सियासी गर्मी
होर्डिंग में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बताया देशद्रोही और लोकतंत्र का हत्यारा
2029 में राहुल बनेंगे प्रधानमंत्री’-अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब खान
लखनऊ(BNE ) देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पीडीए रथ भी चुनावी युद्ध मैदान में उतर चूका है तो वहीँ कांग्रेस पार्टी भी धरातल पर जी जान से लग गयी है। इसी कड़ी में लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर लगे विवादित होर्डिंग ने सियासी पारा गरमा दिया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब खान की ओर से लगवाए गए इस बड़ी होर्डिंग में भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त यानी सीईसी ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला गया है। पोस्टर में उनके लिए बेहद आपत्तिजनक और कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सीधे तौर पर उनके इस्तीफे की मांग की गई है, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है।
होर्डिंग में तल्ख संदेश
कांग्रेस मुख्यालय के मेन गेट के ठीक बाहर लगाए गए इस होर्डिंग पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा गया है कि ‘लोकतंत्र की हत्या करने वाले ‘देशद्रोही’ ज्ञानेश कुमार शर्म करो, इस्तीफा दो।’ इतना ही नहीं, बैनर पर आगे यह भी लिखा किया गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त का साथ देने वालों पर भी देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। इस होर्डिंग में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई अन्य सीनियर नेताओं की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं।
’2029 में राहुल बनेंगे प्रधानमंत्री’
आपको बता दें कि होर्डिंग लगवाने वाले कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब खान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समूचा विपक्ष लंबे समय से चुनाव आयोग के एकतरफा और पक्षपातपूर्ण रवैये पर आवाज उठा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता का मूड अब बदल चुका है। हर कोई यह जान चुका है कि 2029 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। इसी डर और घबराहट की वजह से चुनाव आयोग के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।









