
कन्नौज: नेताजी सुभाष बोस की जयंती पर भाषण प्रतियोगिता में कोमल का पहला स्थान
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कन्नौज द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस का आयोजन 23 जनवरी को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कॉलेज, तालग्राम में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं देश सेवा की भावना को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला युवा अधिकारी सागर महेश्वरी एवं आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने नेताजी को नमन करते हुए उनके आदर्शों को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी सागर महेश्वरी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि नेताजी का संपूर्ण जीवन देश की स्वतंत्रता, आत्मसम्मान और बलिदान को समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं से नेताजी के विचारों, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने नेताजी के ऐतिहासिक नारे “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” का उल्लेख करते हुए युवाओं से इसे केवल नारा नहीं बल्कि जीवन का मंत्र मानकर आगे बढ़ने की अपील की।
वहीं आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि आज का युवा तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास एवं नवाचार के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर बना सकता है। उन्होंने आईटीआई कॉलेज में संचालित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय “नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन दर्शन” रखा गया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों के माध्यम से नेताजी के संघर्ष, साहस, त्याग एवं राष्ट्रप्रेम को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
भाषण प्रतियोगिता में कोमल ने प्रथम स्थान, इंदु ने द्वितीय स्थान एवं अनुरुद्ध प्रताप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य प्रतिभागियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की गई तथा उन्हें आगे भी इस प्रकार के आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अरविंद कुमार कश्यप (फोरमैन, आईटीआई कॉलेज) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में सुरजीत कुमार, चक्रेश पांडेय, दीपक कुमार सहित आईटीआई कॉलेज के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Post Views: 17