



Kitchen Hacks: तपती गर्मी में भी रहे किचन कूल, अपनाएं ये आसान टिप्स
रसोई में भट्टी जैसी गर्मी से पाना है छुटकारा तो हरियाली, चिमनी और सही समय पर खाना बनाने जैसे स्मार्ट हैक्स आएंगे काम
गर्मियों में रसोई घर का तापमान अक्सर असहनीय हो जाता है, खासकर तब जब किचन में कूलर या एसी की सुविधा न हो। महिलाओं का एक बड़ा हिस्सा दिन का अधिकतर समय रसोई में बिताता है, जहां गर्म बर्तन, उबलती भाप और खराब वेंटिलेशन मिलकर माहौल को और भी गर्म कर देते हैं। ऐसे में कुछ स्मार्ट Kitchen Hacks को अपनाकर न सिर्फ आप तपती गर्मी से राहत पा सकती हैं, बल्कि किचन को भी ठंडा और आरामदायक बना सकती हैं।
हरियाली और पर्दे से करें ठंडक का इंतजाम
अगर आपके किचन में बड़ी खिड़कियां हैं, तो दिन में उन्हें बंद रखें और हल्के रंग के सूती पर्दे लगाएं ताकि सूरज की तेज किरणों को रोका जा सके। इनडोर कूलिंग प्लांट्स अलमारियों पर रखें और किचन के बाहर भी हरियाली बढ़ाएं। पौधे न केवल वातावरण को ठंडा रखते हैं बल्कि ताजगी का एहसास भी कराते हैं। समय-समय पर खिड़कियां खोलना भी जरूरी है ताकि हवा का सही प्रवाह बना रहे।
चिमनी और एग्जॉस्ट फैन का करें पूरा इस्तेमाल
किचन में चिमनी और एग्जॉस्ट फैन का उपयोग गर्मी के मौसम में बेहद फायदेमंद साबित होता है। ये नमी, धुआं और गर्म हवा को बाहर निकालते हैं, जिससे रसोईघर ठंडा और काम करना आसान बन जाता है।
सुबह जल्दी बनाएं खाना
गर्मियों में दोपहर 11 बजे से 1 बजे के बीच का समय सबसे अधिक गर्म होता है। इसलिए कोशिश करें कि सुबह जल्दी उठकर नाश्ता और दोपहर का खाना पहले ही तैयार कर लें। खासकर वे डिशेज़ जिन्हें बनाने में ज्यादा समय लगता है, उन्हें सूरज चढ़ने से पहले ही निपटा लें ताकि तेज गर्मी में रसोई में समय बिताने से बचा जा सके।
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप तपती गर्मी में भी अपने किचन को ठंडा रख सकती हैं और खुद को भी तरोताजा महसूस कर सकती हैं।