
कन्नौज: वृद्धजनों के बीच पहुंची युवा संवेदना, 5 दिवसीय ईएलपी कार्यक्रम का शुभारंभ
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज(BNE)। मेरा युवा भारत, कन्नौज एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 5 दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय वृद्धाश्रम में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के मध्य भावनात्मक एवं सामाजिक जुड़ाव स्थापित करना, पीढ़ियों के बीच संवाद को बढ़ावा देना तथा युवाओं में सेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत युवा स्वयंसेवकों को वृद्धजनों के साथ समय व्यतीत करने, उनसे संवाद स्थापित करने एवं उनके जीवन अनुभवों को समझने का अवसर प्रदान किया गया। युवाओं ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के बीच फल वितरण करते हुए आत्मीय वातावरण में उनसे वार्तालाप किया तथा उनकी दैनिक समस्याओं, स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं एवं वृद्धजनों के मध्य सहज एवं पारिवारिक वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कार्यक्रम समन्वयकों ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में पीढ़ियों के मध्य संवाद एवं आत्मीयता को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को केवल सामाजिक सेवा का अवसर ही नहीं देते, बल्कि उन्हें वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों, संघर्षों एवं जीवन मूल्यों से सीखने का भी अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के बीच गीत-संगीत, सामूहिक गान एवं विभिन्न प्रकार की मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। युवाओं ने पुराने गीत, देशभक्ति गीत एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से वृद्धजनों के साथ भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करने का प्रयास किया। साथ ही सरल गेमिंग गतिविधियों एवं सामूहिक सहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धाश्रम में सकारात्मक एवं आनंदमय वातावरण बनाया गया।
मेरा युवा भारत, कन्नौज द्वारा संचालित इस 5 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवेदनशील संवाद, सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक सेवा के व्यावहारिक अनुभव प्रदान किये जा रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में करुणा, सहानुभूति, सम्मान एवं समाज सेवा की भावना को सशक्त करना है, जिससे युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने कहा कि वृद्धजनों के साथ समय बिताना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं भावनात्मक अनुभव रहा। इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर नीरजा, सलोनी, कंचन, शालिनी, प्रज्ञा राजपूत, आलोक, अर्चना, लक्ष्मी देवी, शालिनी मिश्रा, विकास, लोकेश कुमार, महिमा सहित अन्य युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
Post Views: 8