
कन्नौज: जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा विश्व आर्द्र भूमि दिवस पर लाख बहोसी में हुआ आयोजन
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। जिला पर्यावरण समिति के तत्वावधान में विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर आज लाख बहोसी पक्षी विहार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग एवं लुप्तप्राय प्रजाति परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य, विशेषकर विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण एवं आर्द्रभूमियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। वर्ष 2026 के विश्व आर्द्रभूमि दिवस की थीम “आर्द्रभूमि और पारंपरिक ज्ञान : सांस्कृतिक विरासत का उत्सव” रही, जिस पर कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा0 विधायक कैलाश सिंह राजपूत की उपस्थिति रही। अपने संबोधन में उन्होंने वन, पर्यावरण, नदियों एवं आर्द्रभूमियों के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों, शिक्षकों एवं जनसमुदाय से इनके संरक्षण का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण एवं वृक्ष संरक्षण की शपथ भी दिलाई। विधायक ने स्थानीय स्तर पर कराए जा रहे विकास कार्यों एवं सड़कों के चौड़ीकरण/निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण के मध्य संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी संतुलन से भारत शीघ्र ही एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सकेगा। उन्होंने मा0 प्रधानमंत्री एवं मा0 मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विगत वर्षों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सभी से देश एवं प्रदेश को विकास में अग्रणी बनाने तथा पर्यावरणीय एवं आर्द्रभूमि धरोहरों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बी.एल. चिल्ड्रन एकेडमी, चौधरी अवनीश कुमार इंटर कॉलेज, भारतीय इंटर कॉलेज (गुजरापुर) एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बहोशी के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में भूमिका ने प्रथम, जानवी यादव ने द्वितीय तथा अंशी चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि सोनम देवी एवं काजल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं आयोजित क्विज प्रतियोगिता में खुशी ने प्रथम, अर्पित ने द्वितीय एवं रोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा बच्चों को आर्द्रभूमियों एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही क्षेत्रीय वनाधिकारी, कन्नौज श्री लल्लू सिंह ने आर्द्रभूमि की परिभाषा, उपयोगिता एवं उनके महत्व के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर जिला पर्यावरण समिति की जूनियर रिसर्च फेलो सरफा हसन, जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति अजय त्रिपाठी, क्षेत्रीय वनाधिकारी गुरसहायगंज राकेश चित्तौरिया, क्षेत्रीय वनाधिकारी छिबरामऊ रामचन्द्र सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Post Views: 24