हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने जीजा के साथ मिलकर पत्नी के शव को प्राइमरी स्कूल के पीछे गोबर के ढेर में छिपा दिया। आरोपी पति ने वारदात को अंजाम देने के बाद गुमशुदगी की झूठी कहानी रची। परिवार और पुलिस को दो दिन तक गुमराह किया।
पुलिस ने जब हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है जबकि उसका जीजा फरार है। आरोपी रजनीकांत की 12 साल पहले बबली (30) से शादी हुई थी। उसके एक बेटा और दो बेटियां हैं।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कचाटीपुर गांव निवासी रजनीकांत अपने पत्नी और तीन बच्चों के साथ पुश्तैनी घर में रहता था। 12 साल पहले दोनों की शादी हुई थी। शुरुआत में तो सब कुछ ठीक था, पर करीब एक साल पहले से रजनीकांत को शक हुआ कि पत्नी बबली का किसी गैर मर्द से अवैध संबंध है।
शाम में फोन बिजी आने पर हुआ था झगड़ा
रजनीकांत शादी-पार्टियों में ढोल बजाता था। शुक्रवार को एक पार्टी में ढोल बजाने गया था। शाम में पत्नी को कॉल किया तो मोबाइल लगातार बिजी बताता रहा। रात 10 बजे घर लौटा तो दोनों के बीच इस बात को लेकर काफी झगड़ा हुआ। रजनीकांत का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ था। रात करीब 11.30 बजे पूरा परिवार खाना खाकर सो गया। माता-पिता घर के बाहर सोए थे, जबकि तीनों बच्चे दूसरे कमरे में। इसी दौरान रात 1 बजे रजनीकांत ने पत्नी को ईंट मारकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने अपने जीजा सुरेंद्र को कॉल करके बुलाया। दोनों ने मिलकर पत्नी की हत्या करके शव को ठिकाने लगा दिया। सुरेंद्र ठठिया थाना क्षेत्र के बांकी गांव का निवासी है।
हत्या के बाद रजनीकांत घर आकर सो गया। सुबह जब बबली नहीं दिखी तो परिजन उसे खोजने लगे। इस पर रजनीकांत ने कहा- वह बिना बताए कहीं चली गई है। इसके बाद पिता गन्नी और रजनीकांत ने थाने में जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई। रजनीकांत काम के बहाने घर से निकल गया।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने बबली की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने रविवार को रजनीकांत को पूछताछ के लिए बुलाया, तो वह बार-बार अपना बयान बदलने लगा। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि अवैध संबंधों के शक में उसने जीजा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने उसे रविवार सुबह 11 बजे गांव के बाहर से गिरफ्तार किया।
घटना की जानकारी मिलने पर बबली का भाई शिवकुमार मैनपुरी से कचाटीपुर पहुंचा।
शिवकुमार ने आरोप लगाया- सिर्फ रजनीकांत नही उसके पूरे परिवार ने मिलकर मेरी बहन की हत्या की है। पुलिस को गुमराह करने के लिए गुमशुदगी की फर्जी एफआईआर कराई थी। पुलिस से मांग है कि परिवार के अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाए।
बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को हुआ शक
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने बबली की खोजबीन की, पर कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने रविवार को रजनीकांत को पूछताछ के लिए बुलाया तो वह हड़बड़ाकर बार-बार अपना बयान बदलने लगा। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या कर शव को गोबर में छिपा दिया।
अब दादा-दादी संग रहेंगे तीनों बच्चे
रजनीकांत अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। पत्नी की मौत और खुद के जेल जाने के बाद अब उसके तीनों बच्चों की जिम्मेदारी बुजुर्ग दादा-दादी पर आ गई है। बड़ा अबी (10), बड़ी बेटी छवि (05) और छोटी बेटी दिव्यांशी (02) अब अपने दादा-दादी के साथ ही रहेंगे।
एएसपी बोले- पूरे मामले का जल्द खुलासा
एएसपी अजय कुमार ने बताया- रविवार सुबह ही हमें महिला के मायके पक्ष से हत्या की जानकारी मिली थी। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अवैध संबंधों के शक में हत्या की बात सामने आ रही है। अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।
