
कन्नौज: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की १२५वीं जयंती पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की १२५वीं जयंती के अवसर पर राजकीय पुरातत्व संग्रहालय में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) के सदस्य बैंकों एवं कार्यालयों के मध्य राजभाषा सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला युवा अधिकारी सागर महेश्वरी, राजकीय पुरातत्व संग्रहालय के संग्रहालयाध्यक्ष राम प्रकाश यादव, बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक एवं नराकास अध्यक्ष राजनीत सिंह तथा कन्हैया लाल इंटर कॉलेज के शिक्षक प्रवीण सचान द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी सागर महेश्वरी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, शिक्षा, आत्मानुशासन एवं राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया तथा उनके प्रसिद्ध उद्घोष “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उल्लेख करते हुए बताया कि यह राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समान संवैधानिक व्यवस्था के प्रति उनके अटूट संकल्प का प्रतीक है।
संग्रहालयाध्यक्ष राम प्रकाश यादव ने युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल से अधिकाधिक संख्या में जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत प्रतियोगिताओं का जनपद में समय-समय पर आयोजन होता रहना चाहिए, जिससे युवाओं को देश के महान राष्ट्रनिर्माताओं एवं महापुरुषों के जीवन और विचारों को जानने एवं उनसे प्रेरणा लेने का अवसर प्राप्त हो।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में संजय सैनी ने प्रथम, हर्ष प्रताप सिंह ने द्वितीय तथा अनमोल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) के सदस्य बैंकों एवं कार्यालयों के मध्य आयोजित राजभाषा सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में अवनीश कुमार ने प्रथम, देवेन्द्र कुमार कन्नौजिया ने द्वितीय तथा कीर्ति कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन युगी कटियार द्वारा किया गया, जबकि समापन संबोधन विकास द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिवम सक्सेना, विजय, अस्मित कटियार, चक्रेश पाण्डेय सहित मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
Post Views: 8