
महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल जयंती पर क्षत्रिय समाज का एकता संदेश
भवन निर्माण के लिए सहयोग का आह्वान, युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर दिया गया जोर
झांसी। (BNE)बुन्देलखण्ड क्षत्रिय समाज कल्याण समिति, झांसी के तत्वावधान में राष्ट्रवीर महाराणा प्रताप एवं बुन्देलखण्ड केसरी महाराजा छत्रसाल की जयंती समारोह का आयोजन प्रताप भवन, लहरगिर्द, सीपरी बाजार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष इंजीनियर देवेन्द्र सिंह ने की। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार रवीन्द्र सिंह गौर तथा विशिष्ट अतिथि मान सिंह परमार रहे। कार्यक्रम में समिति के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. उदयपाल सिंह भी मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं संचालक डॉ. ए.के. सिंह द्वारा अतिथियों को दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के लिए आमंत्रित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाज के सदस्यों ने महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
महामंत्री ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए समिति की गतिविधियों की जानकारी दी तथा युवाओं से समाज के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। समिति के कोषाध्यक्ष एवं संस्थापक सदस्य लक्ष्मण सिंह परिहार ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करते हुए समाज भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बेबी श्रेयसी एवं बेबी प्रिशा ने गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों की खूब सराहना प्राप्त की। इसके बाद विभिन्न वक्ताओं ने समाज, संस्कृति और युवा जागरण से जुड़े विचार रखे।
योग प्रशिक्षक एवं पूर्व प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज, झांसी पं. जगदीश रंजन द्विवेदी ने समाज सुधार संबंधी विचार एवं कविता पाठ प्रस्तुत किया। निवर्तमान वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर बलवीर सिंह बुंदेला ने महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के व्यक्तित्व, शौर्य तथा सांस्कृतिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी से अपनी विरासत को सहेजने का आह्वान किया।
भानु प्रताप सिंह चंदेल ने समाज के युवाओं को सक्रिय करने की आवश्यकता बताते हुए समिति के ट्रस्ट गठन का प्रस्ताव रखा। अजय पाल सिंह सेंगर एवं मान सिंह परमार ने भी अपने संबोधन में क्षत्रिय समाज की एकता और सहयोग की परंपरा को मजबूत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुदर्शन सिंह परिहार एवं अरविन्द सिंह गौर द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों के लिए जलपान एवं शीतल पेय की व्यवस्था की गई। मुख्य अतिथि रवीन्द्र सिंह गौर ने समाज को संगठित रखने, युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने तथा नियमित बैठकों के माध्यम से सामाजिक एकजुटता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समिति के लिए आर्थिक सहयोग की अपील पर अध्यक्ष इंजीनियर देवेन्द्र सिंह, डॉ. ए.के. सिंह चौहान, डॉ. यू.पी. सिंह, श्रीमती कुसुम सिंह, मान सिंह परमार सहित कई सदस्यों ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में इंजीनियर देवेन्द्र सिंह ने भीषण गर्मी के बावजूद कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रताप भवन के मुख्य द्वार के जीर्णोद्धार तथा द्वार से सभागार तक के मार्ग के विस्तार की योजना की जानकारी देते हुए समाजजनों से सहयोग की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि 11 हजार रुपये अथवा उससे अधिक सहयोग देने वाले दानदाताओं का नाम मुख्य द्वार पर स्थापित शिलापट्ट पर अंकित किया जाएगा, जबकि अन्य सहयोगकर्ताओं के नाम समाज की शौर्य पत्रिका में प्रकाशित किए जाएंगे।
अध्यक्ष ने बताया कि ट्रस्ट गठन का प्रस्ताव पूर्व में कार्यकारिणी एवं आमसभा से पारित हो चुका है, किन्तु कुछ तकनीकी कारणों से इसकी प्रक्रिया अभी लंबित है। कार्यक्रम को सफल बनाने में महामंत्री, सुदर्शन सिंह परिहार, अरविन्द सिंह गौर तथा ए.के.एस. चौहान का विशेष योगदान रहा।
अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभा समाप्ति की घोषणा की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. ए.के.एस. चौहान ने किया।
Post Views: 4