“ट्रोल करने वालों को जवाब देना ज़रूरी है”: जावेद अख्तर का दो टूक बयान
सोशल मीडिया पर खुलकर रखते हैं अपनी राय, बोले– “आप यह स्वतंत्रता नहीं ले सकते, जवाब मिलेगा उसी अंदाज़ मे
मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया ट्रोल्स पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि ट्रोल करने वाले लोगों को यह समझना चाहिए कि अगर वे दूसरों पर निशाना साधेंगे, तो उन्हें भी उसी लहजे में जवाब मिलेगा। अख्तर अक्सर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सामाजिक, सांप्रदायिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखते हैं।
हाल ही में पीटीआई-भाषा को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “मेरे परिवार और दोस्त मुझे सलाह देते हैं कि मैं इन ट्रोल्स से दूर रहूं, लेकिन कभी-कभी उन्हें यह बताना ज़रूरी हो जाता है कि वे अपनी सीमा में रहें।” उन्होंने साफ कहा कि, “मैं इन लोगों से खुद को ऊपर महसूस करता हूं, लेकिन जब ज़रूरत हो, तो उन्हें जवाब देना भी ज़रूरी है।”
जावेद अख्तर, जो ‘इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी’ (IPRS) के अध्यक्ष हैं, उन्होंने फिक्की के एक कार्यक्रम में कॉपीराइट और रॉयल्टी के मुद्दे पर भी बात की। उनका कहना है कि कलाकारों को सार्वजनिक प्रदर्शन से मिलने वाली रॉयल्टी का उचित हिस्सा मिलना चाहिए और इसके लिए सरकारी हस्तक्षेप जरूरी है।
सलीम-जावेद की जोड़ी द्वारा लिखी गईं आइकॉनिक फिल्में ‘शोले’ और ‘दीवार’ इस साल 50 साल पूरे कर रही हैं। इस पर अख्तर ने कहा कि, “ऐसी फिल्में खुद-ब-खुद इतिहास बन जाती हैं, लेकिन उनका जादू कैसे चलता है, इसका कोई फॉर्मूला नहीं होता।”
उन्होंने कहा, “अगर मैं जान पाता कि यह जादू कैसे होता है, तो मैं इसे बार-बार दोहराता।”










