



IPL 2025: पहली गेंद पर विकेट का बादशाह बना मोहम्मद शमी, रचा नया इतिहास!
शमी ने चौथी बार मैच की पहली ही गेंद पर चटकाया विकेट, जैक्स कैलिस से लेकर शेख रशीद तक बने शिकार, दिग्गजों को छोड़ा पीछे।
आईपीएल 2025 में एक बार फिर मोहम्मद शमी ने अपने घातक अंदाज़ से क्रिकेटप्रेमियों को चौंका दिया। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलते हुए शमी ने मैच की पहली ही गेंद पर शेख रशीद को क्लीन बोल्ड कर इतिहास रच दिया। ये पहली बार नहीं है, जब शमी ने आईपीएल में पहली ही गेंद पर विकेट झटका हो—वो ये कारनामा चौथी बार कर चुके हैं!
मोहम्मद शमी ने इससे पहले 2014 में जैक्स कैलिस, 2022 में केएल राहुल और 2023 में फिल साल्ट को पहली ही गेंद पर पवेलियन भेजा था। अब 2025 में उन्होंने शेख रशीद को आउट कर इस दुर्लभ उपलब्धि में अपना नाम सबसे ऊपर दर्ज करा दिया है।
शमी से पहले ये रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट और भारत के भुवनेश्वर कुमार के नाम था, जिन्होंने दो-दो बार मैच की पहली गेंद पर विकेट लिया है। बोल्ट ने 2020 में मार्कस स्टोइनिस और 2023 में विराट कोहली को आउट किया था, जबकि भुवी ने 2013 में कुसल परेरा और 2023 में प्रभसिमरन सिंह को चलता किया।
उधर, उमेश यादव भी इस लिस्ट में हैं। उन्होंने 2017 में क्रिस गेल और 2018 में सूर्यकुमार यादव को आउट कर दिखाया था कि पहली गेंद पर विकेट चटकाना कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक कला है।
लेकिन अब, इस कला के असली बादशाह मोहम्मद शमी हैं, जो IPL में ‘फर्स्ट बॉल किलर’ बनकर उभरे हैं!