ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बैलिस्टिक हमले को अमेरिकी थाड सिस्टम ने किया नाकाम
यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा इज़राइल पर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को अमेरिकी टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (THAAD) मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्टूबर में इज़राइल में तैनात इस अमेरिकी प्रणाली ने पहली बार किसी मिसाइल को रोकने का काम किया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में THAAD सिस्टम को इंटरसेप्टर लॉन्च करते हुए दिखाया गया है। इसमें एक अमेरिकी सैनिक उत्साहित होकर कहता दिख रहा है कि “18 साल से मैं इस पल का इंतजार कर रहा था।” इज़रायली रक्षा बलों (IDF) ने भी मिसाइल के सफल अवरोधन की पुष्टि की है।
हूटियों के पांचवे हमले का जवाब
यह मिसाइल हमला आठ दिनों में हूतियों द्वारा इज़राइल पर किया गया पांचवां हमला था। समूह ने बेन गुरियन हवाई अड्डे को निशाना बनाने का दावा किया था। इसके जवाब में, इज़रायली विमानों ने यमन में हूतियों के ठिकानों पर हमले किए। इनमें हेज़ियाज़ पावर प्लांट और साना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बने बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
THAAD की ताकत
अमेरिकी THAAD सिस्टम खतरों को पहचानने और 3,000 किलोमीटर तक की दूरी से आने वाली मिसाइलों को रोकने में सक्षम है। यह सिस्टम पारंपरिक हथियारों की जगह गतिज ऊर्जा से मिसाइलों को नष्ट करता है। इज़राइल में इसकी तैनाती ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद 1 अक्टूबर को की गई थी।










