नई दिल्ली (BNE ) जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने गुरुवार को कई रिकॉर्ड बनाते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। राज्यपाल संतोष गंगवार ने रांची के मोहराबादी मैदान गोपनीयता की शपथ दिलाई। हेमंत सोरेन ने आज अकेले ही शपथ ग्रहण की। बताया जा रहा है कि विश्वास मत हासिल के बाद ही विधायकों को मंत्री के रूप में शामिल किया जायेगा। आपको बता दें कि झारखंड के इतिहास में हेमंत सोरेन 4 बार सीएम पद की शपथ लेने वाले पहले राजनेता बन गए हैं। इससे पहले उनके पिता शिबू सोरेन और बीजेपी के अर्जुन मुंडा तीन-तीन बार सीएम पद की शपथ ले चुके हैं।
ये नेता हुए शामिल
हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, आप नेता राघव चड्ढा, सीएम ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, पप्पू यादव, भगवंत मान सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए।
जनता से किए ये वादे
झारखंड में जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने सीएम के रूप में शपथ ले ली है। हेमंत सोरेन ने इंडिया गठबंधन से अलग अपना एक घोषणापत्र भी जारी किया था। इसमें राज्य सरकार की नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया गया। इसके अलावा क्रेडिट गारंटी योजना के तहत एमएसएमई उद्यमियों को 5 करोड़ रुपये तक का ऋण देने का भी वादा किया गया। वहीं प्रदेश की जनता से इंडिया गठबंधन ने भी सात वादे किए थे। इन सात वादों में स्थानीयता, महिलाओं को आर्थिक मदद, आरक्षण, मुफ्त राशन, नौकरियां, स्वास्थ्य बीमा, शिक्षा और किसानों के लिए योजनाएं शामिल हैं।










