नेपाल के पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र की सुरक्षा घटी, हिंसक प्रदर्शन के नुकसान की वसूली करेगी सरकार
राजशाही समर्थक हिंसा के बाद सरकार का सख्त कदम, पूर्व राजा को थमाया गया जुर्माने का नोटिस
नेपाल में राजशाही समर्थकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद सरकार ने पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र शाह की सुरक्षा में कटौती कर दी है। काठमांडू नगर निगम ने शाह को एक पत्र भेजकर हिंसा में हुए सार्वजनिक संपत्ति और पर्यावरण के नुकसान की भरपाई के लिए 7,93,000 नेपाली रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व नरेश के निजी आवास निर्मल निवास की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों की संख्या 25 से घटाकर 16 कर दी गई है। साथ ही, सुरक्षा टीम में फेरबदल कर उनकी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम तब उठाया गया जब काठमांडू में शुक्रवार को राजशाही समर्थकों के विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया था।
प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी, जिसमें एक टीवी कैमरामैन समेत दो लोगों की मौत हो गई और 110 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने एक राजनीतिक दल के कार्यालय पर हमला किया, वाहनों में आग लगा दी और दुकानों में लूटपाट की। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विरोध पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र शाह के आह्वान पर आयोजित किया गया था।
राजशाही समर्थकों की यह मांग है कि नेपाल में 2008 में समाप्त की गई 240 वर्षों पुरानी राजशाही को फिर से बहाल किया जाए। सरकार की ओर से उठाए गए इस कड़े कदम से यह स्पष्ट हो गया है कि वह देश में शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ किसी भी सख्ती से पीछे नहीं हटेगी।









