Fitness News-इस योग से तेजी से होगा Weight Loss
वजन कम करने के लिए आप घरेलू उपचार के साथ एक्सरसाइज और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं।
व्यस्त जीवनशैली और अनियमित खान-पान के कारण मोटापा वर्तमान में सबसे बड़ी समस्या बन गया है। जंक फूड का बढ़ता प्रचलन इसका प्रमुख कारण है। बढ़ते वजन को कम करने के लिए लोग कई तरीके अपनाते हैं। वजन कम करने के लिए आप घरेलू उपचार के साथ एक्सरसाइज और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं। अगर आप समग्र स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती की उम्मीद करते हैं, तो योग निश्चित रूप से आपके लिए सबसे अच्छा विकल्प है। व्यायाम के इस प्राचीनतम रूप के कई लाभ हैं। वैसे तो वजन घटाने के लिए कई योगासन हैं, लेकिन आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि इसके साथ निरंतरता बनाए रखनी होगी। साथ ही, अगर आप इस क्षेत्र में नए हैं, तो धीरे-धीरे इसमें आगे बढं़े और आरामदेह आसनों के साथ संतुलन बनाते हुए लगातार अभ्यास करते रहें। आइए जानते हैं वजन कम करने के लिए कुछ योगासन।
भुजंगासन
इसके नाम से ही पता चलता है कि जो आसन आप करने वाले हैं वह भुजंग यानी सांप की मुद्रा की तरह है। यह आसन आपके ऊपरी शरीर को टोन करने में मदद करता है और पेट की मांसपेशियों पर भी काम करता है, जिससे पेट की वसा कम करने में मदद मिलती है साथ ही यह वजन कम करने में काफी मददगार साबित होता है। गर्भवती महिलाएं या किसी तरह की इंजरीज हो, तो इस व्यायाम को करने से बचें।
त्रिकोणासन
यह तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करता है और सीने तथा कंधे की मांसपेशियों को खोलता है। रीढ़ की हड्डी, पेट की मांसपेशियों, जांघ की मांसपेशियों को मजबूत और लचीला बनाने के लिए इस आसन को किया जा सकता है। यह अपच, गैस्ट्राइटिस, एसिडिटी और पेट फूलने की समस्या से भी राहत दिलाता है।
गोमुखासन
शरीर को आराम प्रदान करने करने के लिए इस आसन का अभ्यास करना अच्छा विकल्प है। यह मुद्रा पीठ दर्द, तनाव, थकान और चिंता को कम
करती है और आपकी जांघों, टखनों, कंधों और छाती को मजबूती प्रदान करती है। इसके रोजाना अभ्यास से पेट की चर्बी कम होती है।
नौकासन
पीछे की ओर झुककर किया जाने वाला यह आसन आपके शरीर को बाहर की ओर मोड़ता है, सीने का विस्तार करता है और सांस लेने की क्रिया को प्रोत्साहित करता है। यह विशेष मुद्रा आपके अंगों को टोन करने और टेंशन को कम करने के अलावा शरीर में रक्तसंचार, मांसपेशियों, पाचन और हार्मोनल सिस्टम को उत्तेजित करती है। इस आसन को वजन कम करने के लिए भी जाना जाता है।
सेतु बंधासन
यह योगासन पीठ, ग्लूटस मस्सल्स, पैरों और टखनों को मजबूत करता है। यह गर्दन, कंधे, छाती और रीढ़ को भी लचीला बनाता है और यह तनाव तथा अवसाद के सामान्य लक्षणों को कम करने के साथ वजन कम करने में मददगार साबित होता है। योग शरीर व मन का विकास करता है। इसके अनेक शारीरिक व मानसिक लाभ हैं। यह जरूरी है कि आप योगासन किसी प्रशिक्षित के निर्देशानुसार ही सीखें और करें।
मत्स्यासन
मछली की मुद्रा वाला यह आसन रक्तसंचार में सुधार करके और फेफड़ों मजबूत बनाकर ऑक्सीजन के प्रवाह को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह सांस से संबंधित विकारों से राहत देता है, गर्दन और ऊपरी पीठ की मांसपेशियों को फैलाता है, पेट की मांसपेशियों को उत्तेजित करता है और पाचन में सुधार करता है।
चतुरंग दंडासन
यह आसन शरीर के ऊपरी हिस्से खासकर बाइसेप्स और ट्राइसेप्स के लिए बेहतरीन काम करता है। इस आसन को करते समय, आपको अपने शरीर के वजन को अपने हाथों पर उठाना होता है। हालांकि इसमें कई मुद्राएं होती हैं, इसलिए इसे एक योग मास्टर की मदद से ही सही ढंग से किया जा सकता है।










