UP-हाथरस में मेला दाऊजी महाराज मंदिर में जलभराव की वजह से हुआ हादसा,पंडाल गिरने से मचा हाहाकार
70 से 80 बच्चे पंडाल के नीचे दबे,प्रशासन ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना के बाद प्रशासन ने पंडाल की जांच कराने की बात कही है।
लखनऊ (BNE )इस समय देश के लगभग हर हिस्से में भारी बारिश की वजह से तबाही मची हुयी है। इसी कड़ी में यूपी में भी पिछले 3 दिनों से भारी बारिश ने लोगों का आम जान जीवन अवरुद्ध सा कर दिया है। मंगलवार को हो रही भारी बारिश की वजह से हाथरस में जलभराव की वजह से मेला दाऊजी महाराज मंदिर परिसर में बड़ा हादसा हो गया। बारिश के चलते मंदिर प्रांगण में लगाया गया विशाल पंडाल भरभराकर गिर गया।
70 से 80 बच्चे पंडाल के नीचे दबे
हादसे के समय पंडाल के नीचे बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे। अचानक गिरे पंडाल के नीचे करीब 70 से 80 बच्चे दबकर फंस गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासन ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर लोगों ने भी मिलकर बच्चों को बाहर निकाला। इस बीच, 3 बच्चों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बारिश से शहर में जलभराव
हाथरस शहर के कई इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
मेला आयोजकों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम को देखते हुए पंडाल की मजबूती और सुरक्षा को लेकर आयोजकों को पहले ही सतर्क रहना चाहिए था। घटना के बाद प्रशासन ने पंडाल की जांच कराने की बात कही है।










